बिहार

इंडो नेपाल बॉर्डर से उज्बेकिस्तान की दो महिलाएं गिरफ्तार

Sakshi
17 March 2022 3:52 PM GMT
इंडो नेपाल बॉर्डर से उज्बेकिस्तान की दो महिलाएं गिरफ्तार
x
इंडो-नेपाल सीमा से दो उज्बेकिस्तानी महिला के साथ एक स्थानीय नागरिक को बुधवार की रात गिरफ्तार किया।

बिहार के मधुबनी जिले के अंधरामठ थाना की पुलिस ने एसएसबी अंधरामठ के सहयोग से इंडो-नेपाल सीमा से दो उज्बेकिस्तानी महिला के साथ एक स्थानीय नागरिक को बुधवार की रात गिरफ्तार किया। दोनों उज्बेकिस्तानी महिलाएं भारतीय क्षेत्र से नेपाल जाने की फिराक में थी।

महिलाओं के पास से मिले पासपोर्ट के आधार पर उनकी पहचान बोजारोवा दिलदोराखून (40) और सविरोवा वरचनोम (31) के रूप में की गई है। उसके साथ अंधरामठ थाना के धरहारा गांव के विजय ठाकुर को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। विजय ठाकुर दोनों को स्कॉर्पियो से नेपाल पहुंचा रहा था। यह जानकारी फुलपरास के डीएसपी प्रभात कुमार शर्मा ने दी।

उन्होंने बताया कि विदेशी महिलाओं के क्षेत्र में आने की गुप्त सूचना मिली थी। इसी आधार पर उन्होंने नरहिया ओपी, अंधरामठ थाना और एसएसबी को अलर्ट किया था। पुलिस के मुताबिक महिलाएं भारतीय क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से भ्रमण कर रहीं थीं। बुधवार को वे भुतहा से स्कॉर्पियो से नेपाल जाने की फिराक में थी। इसी क्रम में दुधैला के निकट उन्हें पकड़ लिया गया। उनके पास से नेपाल का वीजा भी पुलिस ने बरामद किया।

इस संबंध में डीएसपी ने बताया कि अंधरामठ थानाध्यक्ष धर्मेन्द्र कुमार को महिला से जब्त दोनों मोबाइल का डिटेल्स खंगालने का निर्देश दिया गया है। मामले का अनुसंधान जारी है। अब तक इन महिलाओं के भारतीय क्षेत्र में प्रवेश करने के वास्तविक कारणों का खुलासा नहीं हो सकी है। इस मामले में एफआईआर दर्ज की गई है।

पहले भी पकड़े गए थे तीन नाइजेरियन नागरिक

बता दें कि दो महीने पहले भी जयनगर के रास्ते भारत में प्रवेश करते तीन नाइजेरियन नागरिक के साथ तीन नेपाली को पकड़ा गया था। नेपाली नागरिक उसे भारतीय क्षेत्र में प्रवेश कराने की फिराक में थे। इस मामले में प्राथमिकी भी दर्ज हुई थी। नाइजेरियन नागरिक की जमानत कोर्ट ने खारिज कर दी थी। फिलहाल वे जेल में हैं।

Sakshi

Sakshi

    Next Story