
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के काफिले पर ग्रामीणों ने किया पथराव, सुरक्षाकर्मी घायल

बक्सर : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के काफिले पर बक्सर में ग्रामीणों ने हमला कर दिया। उग्र ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री के काफिले पर पत्थर फेंके और नीतीश कुमार के खिलाफ काफी नारेबाजी की। पत्थरबाजी के बीच सीएम नीतीश कुमार को सुरक्षित बचाकर हरियाणा फॉर्म ले जाया गया।
ये घटना बक्सर जिले के नंदन पंचायत में उस वक्त हुई जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 'समीक्षा यात्रा' में शामिल हो रहे थे। ग्रामीणों के पत्थरबाजी शुरू होते ही सुरक्षाकर्मियों ने मुख्यमंत्री नीतीश को अपने घेरे में ले लिया और उन्हें सुरक्षित गाड़ी में बैठा दिया।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समीक्षा यात्रा के लिए शुक्रवार को बक्सर जिले के नंदन पंचायत गए थे। सीएम नीतीश विकास कार्य की समीक्षा कर पाते इससे पहले ही हंगामा हो गया। इस घटना में नीतीश के सुरक्षाकर्मी घायल हो गए। बताय जा रहा है बस्ती के लोग बुनियादी सुविधाओं की कमी से नाराज थे।
आपको बता दें कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इन दिनों विकास कार्यों की हकीकत जानने के लिए बिहार राज्य में आयोजित समीक्षा यात्रा पर हैं। दिसंबर के महीने में समीक्षा यात्रा पश्चिम चंपारण जिले से शुरू हुई। यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री प्रशासनिक अधिकारियों के साथ हर जिले का दौरा कर रहे हैं और जिले के विकास कामों की समीक्षा कर रहे हैं।




