लाइफ स्टाइल

'रामायण' से पहले श्रीदेवी संग काम कर चुके थे अरुण गोविल, इस फिल्म में आए नजर

Shiv Kumar Mishra
3 May 2020 4:26 AM GMT
रामायण से पहले श्रीदेवी संग काम कर चुके थे अरुण गोविल, इस फिल्म में आए नजर
x

दूरदर्शन पर 'रामायण' के दोबारा प्रसारण ने सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं और ये दुनिया में सबसे ज्यादा देखा जाने वाला सीरियल बन गया है। 33 साल बाद भी सीरियल की लोकप्रियता में कोई कमी नहीं आई है। 'रामायण' के कलाकार ये देख बेहद खुश हैं। बीते दिन अरुण गोविल ने ट्विटर पर फैंस के सवालों के जवाब दिए। इस दौरान उन्होंने #AskArun सेशन रखा।

अरुण गोविल के एक फैन ने श्रीदेवी के साथ की एक तस्वीर शेयर की। तस्वीर के साथ फैन ने लिखा- 'सर इस फिल्म के बारे में बताइए जिसमें आप श्रीदेवी जी के साथ हैं।' तस्वीर देख ऐसा लग रहा है श्रीदेवी और अरुण गोविल बातें कर रहे हैं।

अरुण गोविल ने जवाब देते हुए बताया कि ये तस्वीर फिल्म 'हिम्मतवाला' की है। इसमें उन्होंने एक ऐसे युवक का किरदार निभाया था जो मूक-बधिर होता है। बता दें कि 'रामायण' से चार पहले साल 1983 में 'हिम्मतवाला' आई थी। फिल्म में जीतेंद्र और श्रीदेवी की मुख्य भूमिका थी।

इससे पहले दूरदर्शन ने एक ट्वीट कर बताया कि 'रामायण के दोबारा प्रसारण ने दुनिया भर में दर्शकों का रिकॉर्ड तोड़ दिया है और यह 16 अप्रैल को 7.7 करोड़ दर्शकों की संख्या के साथ दुनियाभर में सबसे अधिक देखा जाने वाला धारावाहिक बन गया है।'

लोग 'रामायण' और 'महाभारत' जैसे पौराणिक धारावाहिकों को काफी पसंद कर रहे हैं। रोजाना सोशल मीडिया पर इसके एपिसोड और दृश्यों की चर्चा होती है। 'रामायण' के दोबारा प्रसारण से धारावाहिक के मुख्य किरदार अरुण गोविल, दीपिका चिखलिया, सुनील लहरी और अरविंद त्रिवेदी एक बार फिर से चर्चा में आ गए हैं। वे लोगों से मिलने वाले प्यार और प्रतिक्रिया से काफी उत्साहित हैं।


Next Story