
दौलत के मामले में अनिल अंबानी से भी आगे है बिहार का ये शख्स, जानें उनकी संपत्ति

नई दिल्ली : आपसे देश के सबसे दौलतमंद व्यक्ति के बारे में कोई अगर पूछे तो आप तुरंत मुकेश अंबानी का नाम बताएंगे। जोकि बिलकुल सही है। पिछले दिनों फोर्ब्स ने भारत के 100 सबसे अमीर लोगों की सूची जारी की थी। जिसमें 60 वर्षीय मुकेश अंबानी फिर से भारत के सबसे दौलतमंद व्यक्ति हैं। मुकेश अंबानी लगातार 10वें साल सबसे अमीर भारतीय बने रहे।
मशहूर पत्रिका फोर्ब्स के अनुसार मुकेश अंबानी की कुल संपत्ति 39 बिलियन डॉलर है। फोर्ब्स द्वारा जारी सूची में दूसरे नंबर पर अजीज प्रेम जी है। तीसरे पर हिन्दुजा फैमिली, चौथे पर लक्ष्मी मित्तल और पांचवें पर पी मिस्त्री हैं। अमीरों की संपत्ति का आकलन करने वाली पत्रिका फोर्ब्स की वार्षिक सूची 'इंडिया रिच लिस्ट 2017' में यह जानकारी दी गयी है।
अगर बात की जाए मुकेश अंबानी के छोटे भाई अनिल अंबानी की तो इस सूची में अनिल अंबानी 2.4 बिलियन डॉलर की संपत्ति के साथ 45वें नंबर पर हैं। पिछले साल वह 32वें और 2015 में 29वें स्थान पर रहे थे। लेकिन अब बात करते है बिहार के उस शख्स की जिन्होंने दौलत के मामले में अनिल अंबानी को भी पीछे छोड़ दिया है।
बिहार के जहानाबाद में जन्मे संप्रदा सिंह फोर्ब्स की सूची में 43वें नंबर पर हैं। उनकी कुल संपत्ति 3.3 बिलियन डॉलर (करीब 2 खरब 13 अरब 41 करोड़ 59 लाख रुपए) है। पटना यूनिवर्सिटी से बीकॉम करने वाले संप्रदा सिंह अलकेम लेब्रोटीज के संस्थापक और चेयरमैन हैं। फिलहाल संप्रदा सिंह मुंबई में रहते हैं। उनके अलकेम ग्रुप की संपत्ति में लगातार इजाफा हो रहा है। वित्त वर्ष 2017 की समाप्ति के वक्त मार्च में अलकेम की ग्रोथ 20 प्रतिशत दर्ज की गई।
खास बात ये है कि संपद्रा सिंह दौलत के मामले में दुनियाभर में मेटल और माइनिंग किंग के रूप में पहचाने जाने वाले वेदांता फेम के अनिल अग्रवाल से भी आगे निकल गए हैं। फोर्ब्स द्वारा जारी सूची में फेम के अनिल अग्रवाल की संपत्ति 2017 में संप्रदा सिंह से कम आंकी है। मूल रूप से पटना के रहने वाले अनिल अग्रवाल इस सूची में 44वें नंबर पर हैं।
फोर्ब्स के अनुसार उसने पूंजीपतियों और उनके परिजनों, शेयर बाजारों, बाजार विश्लेषकों और नियामकीय एजेंसियों से प्राप्त सूचनाओं के आधार पर यह सूची तैयार की है। फोर्ब्स ने बताया कि इस सूची में नाम बरकरार रखने वाले अमीरों का 80 फीसदी हिस्सा संपत्ति में बढ़त करने में सफल रहे हैं। इसमें शामिल 27 अरबपतियों की संपत्ति में एक अरब डॉलर या इससे अधिक का इजाफा हुआ है।




