छत्तीसगढ़

इस वर्ष का "महिला शिखर सम्मान" कोण्डागांँव की शिप्रा त्रिपाठी को मिला

Shiv Kumar Mishra
17 March 2021 6:30 AM GMT
इस वर्ष का महिला शिखर सम्मान कोण्डागांँव की शिप्रा त्रिपाठी को मिला
x

कोण्डागांँव। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर 14 मार्च को आशीर्वाद भवन, रायपुर में आयोजित एक भव्य समारोह में कोंडागांव शिप्रा त्रिपाठी को समाजसेवा के क्षेत्र में विशिष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया । संगीतविद्या में स्नातक तथा, दो विषयों में स्नातकोत्तर उपाधि प्राप्त शिप्रा आकाशवाणी में सुगम संगीत एवं ग़ज़ल गायन के क्षेत्र में लगातार जुड़ी रही हैं। विगत तीन दशकों से प्रख्यात समाजसेवी संस्था संपदा से जुड़ी हैं और समाजसेवा तथा कला साधना के क्षेत्र में लगातार सक्रिय रही हैं। वर्तमान में जनजातीय चेतना कला एवं संस्कृति की राष्ट्रीय मासिक पत्रिका 'ककसाड़' के संपादक मंडल की वरिष्ठ सदस्य हैं।

यहां यह बताना भी लाजिमी होगा कि इससे पूर्व 2018 का महिला शिखर सम्मान अवार्ड भी शिक्षा एवं साहित्य के क्षेत्र में बस्तर अंचल की ही लोकप्रिय कवियित्री रश्मि विपिनअग्निहोत्री को ही मिला था।

कार्यक्रम में शिप्रा त्रिपाठी का सम्मान महिला शिखर सम्मान अवार्ड ,स्मृति चिन्ह, रामायण तथा शॉल भेंटकर किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि श्रीमती किरणमयी नायक अध्यक्ष महिला आयोग, विशेष अतिथिगण महेन्द्र छाबड़ा अध्यक्ष-अल्प संख्यक आयोग, अरुण शुक्ला अध्यक्ष-कान्यकुब्ज समाज, डॉ. पाण्डेय विभागाध्यक्ष-ईएनटी, सिम्स, बिलासपुर, श्रीमती दीप्ति प्रमोद दुबे वरिष्ठ समाजसेवी, श्रीमती सरिता दुबे पार्षद का सम्मान स्मृति चिन्ह, रामायण, शॉल भेंटकर किया गया। यह आयोजन से वर्ल्ड ब्राह्मण फेडरेशन छत्तीसगढ़, सर्व युवा ब्राह्मण परिषद छत्तीसगढ़ एवं विप्र-वार्ता परिवार तथा अन्य सामाजिक संगठनों के द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित किया गया।

संस्था के प्रांताध्यक्ष अरविंद ओझा, महिला अध्यक्ष नमिता शर्मा, संभागीय अध्यक्ष नितिन कुमार झा सहित प्रदेश संगठन के सभी पदाधिकारियों ने इस कार्यक्रम को सफल बनाने में अपना अमूल्य योगदान दिया। सभी अतिथियों ने आज के सफल कार्यक्रम हेतु आयोजकों की काफी सराहना की ।कार्यक्रम में सरस्वती वंदना,गीत,एकल नृत्य समूह नृत्य, छत्तीसगढ़ी परंपरागत नृत्य तथा फाग गीत प्रस्तुत किया गया।कार्यक्रम का संचालन श्रीमती नमिता शर्मा, प्रांताध्यक्ष अरविंद ओझा एवं आभार प्रदर्शन राष्ट्रीय महामंत्री गुणनिधि मिश्रा ने किया।

Next Story