दिल्ली

जीजा ने खाने के लिए साली से मांगे दो आम, गुस्सा में साले ने जीजा को मार डाला

Shiv Kumar Mishra
21 May 2022 9:39 AM GMT
जीजा ने खाने के लिए साली से मांगे दो आम, गुस्सा में साले ने जीजा को मार डाला
x

शालीमार बागः शालीमार बाग इलाके में एक शख्स ने अपने साले के साथ मिलकर अपने जीजा की बेरहमी से हत्या कर दी। मृतक की पहचान 42 वर्षीय सुबोध केसरी के तौर पर हुई है। इस हत्या का कारण दो आम हैं। ससुराल में पत्नी की बहन आम और लीची लेकर आई थी। जीजा ने खाने को दो आम मांगे। बस, यहीं से साले और जीजा के बीच कहासुनी शुरू हुई और जीजा की हत्या कर दी गई। शालीमार बाग पुलिस ने हत्या, हत्या की कोशिश के तहत केस दर्ज कर आरोपी साले और उसके साले को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। मामले की जांच जारी है।

डीसीपी उषा रंगनानी के मुताबिक, पुलिस को गुरुवार रात 9:25 बजे वारदात के बारे में कॉल मिली थी। दरअसल, मृतक 42 वर्षीय सुबोध केसरी परिवार के साथ केला गोदाम, शालीमार बाग में रहते थे। इनकी ससुराल भी बगल की ही झुग्गी में है। जहां इनका साला राजेश रहता है। डीसीपी के मुताबिक, आम और लीची को लेकर मामूली विवाद हुआ था। दरअसल, सुबोध की पत्नी की बहन आम और लीची लेकर आई थी। सुबोध ने दो आम मांग लिए। इस बात पर सुबोध के साले राजेश ने आम देने से मना कर दिया। साथ ही जीजा पर तंज कसा कि कुछ काम किया करें और कमाया करें। इस बात पर सुबोध ने आपत्ति की। दोनों के बीच कहासुनी बढ़ गई।

घटना के समय राजेश के साथ उसका साला मुन्ना भी था। झगड़ा इतना बढ़ा कि राजेश ने अपने जीजा के सिर में लकड़ी के कील लगे फट्टे और सुए से सिर, छाती और पीठ पर हमला कर दिया। सुबोध खून से लथपथ बेहोश होकर गिर गए। चीख पुकार मचने पर आसपास के लोगों ने पुलिस को इसकी जानकारी दी। इस दौरान सुबोध का 14 वर्षीय बेटा अपने पिता को बचाने के लिए आया, तो राजेश और मुन्ना ने उस पर भी हमला कर दिया। मौके पर पहुंची पीसीआर की गाड़ी घायलों को बीजेआरएम हॉस्पिटल जहांगीरपुरी लेकर गई। जहां डॉक्टरों ने सुबोध को मृत घोषित कर दिया। जबकि सुबोध का बेटा खतरे से बाहर है। पुलिस ने सुबोध के साले राजेश और उसके साले मुन्ना को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी रेहड़ी लगाते हैं।

Next Story