दिल्ली

Delhi: तय समय से पहले पूरा होगा सराय काले खां फ्लाईओवर का निर्माण कार्य, लोगों को मिलेगी जाम से बड़ी राहत

Shiv Kumar Mishra
7 March 2023 7:32 AM GMT
Delhi: तय समय से पहले पूरा होगा सराय काले खां फ्लाईओवर का निर्माण कार्य, लोगों को मिलेगी जाम से बड़ी राहत
x
जाम से निजात के लिए सराय काले खां बस अड्डे के सामने रिंग रोड पर फ्लाईओवर का निर्माण किया जा रहा है।

सराय काले खां दिल्ली के बड़े परिवहन हब के रूप में विकसित हो रहा है। बस अड्डा, रेलवे स्टेशन और मेट्रो स्टेशन के बाद अब यहां रैपिड ट्रेन का जंक्शन भी बनाया जा रहा है। यहां ट्रैफिक जाम की समस्या लगातार बढ़ रही है। जाम से निजात के लिए सराय काले खां बस अड्डे के सामने रिंग रोड पर फ्लाईओवर का निर्माण किया जा रहा है।

लोक निर्माण विभाग के अनुसार फ्लाईओवर का काम एक साल के स्थान पर दस माह में ही पूरा कर लिया जाएगा। ऐसे में मई में फ्लाईओवर को वाहनों के लिए खोल दिया जाएगा और लोगों को जाम से निजात मिल जाएगी। रिंग रोड पर सराय काले खां पर ट्रैफिक पूरी तरह सिग्नल फ्री हो जाएगा।

सराय काले खां रेलवे स्टेशन से जब से दक्षिण भारत के लिए ट्रेनें शुरू हुई हैं, यहां यातायात का दबाव बढ़ गया है। यहां अंतरराज्यीय बस अड्डा भी है, जहां से उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश व राजस्थान के लिए भी बसें चलतीं हैं। यहां मेट्रो स्टेशन है और अब रैपिड ट्रेन का जंक्शन भी बन रहा है। इसके चलते आने वाले समय में यहां भीड़ और बढ़ने की संभावना है। आशंका है कि भीड़ के साथ जाम भी बढ़ेगा। इसे देखते हुए फ्लाईओवर निर्माण की कवायद की जा रही है।

बस अड्डे के सामने बनाया जा रहा है यह फ्लाईओवर

योजना के तहत सराय काले खां बस अड्डे के सामने पहले से बने तीन लेन के सिंगल फ्लाईओवर के साथ इतनी ही चौड़ाई वाला एक नया फ्लाईओवर बनाया जा रहा है। अभी पहले से बने फ्लाईओवर से आश्रम की ओर से आने वाले वाहन चालक आइटीओ या यमुनापर की ओर जाते हैं। निर्माणाधीन फ्लाईओवर के पूरा होने के बाद इससे लोग आइटीओ व एनएच-9 तथा यमुनापार की ओर से आकर आश्रम की ओर जा सकेंगे।

इससे उन्हें सराय काले खां पर जाम में नहीं फंसना पड़ेगा। फ्लाईओवर निर्माण के लिए जून 2022 में टेंडर जारी किया गया था। इस पर 57.7 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। करीब 600 मीटर लंबे फ्लाईओवर का काम जुलाई में शुरू हुआ और इसे 12 माह में पूरा करना था। हालांकि अभी तक 79 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है और लोक निर्माण विभाग इसे मई में पूरा कर वाहनों को खोलने का दावा कर रहा है। इसके ठीक नीचे टी-जंक्शन पर दो यूटर्न भी बनाए जाएंगे।

PWD के पूर्व प्रमुख अभियंता दिनेश कुमार ने कहा- सराय काले खां बस अड्डे के सामने पुराना फ्लाईओवर वर्ष 2000 में बनाया गया था। यह सिंगल फ्लाईओवर डीडीए द्वारा बनाया गया था। उस समय डीडीए ने एक ही समय दिल्ली में सात फ्लाईओवर बनाए थे। ये सभी टी-प्वाइंट पर बनाए गए थे। उस समय दिल्ली में यातायात का दबाव इतना नहीं था, मगर 2010 में यहां पर एक और सिंगल फ्लाईओवर बनाने की योजना बनाई गई थी। बाद में इसे टाल दिया गया था। अब जो फ्लाईओवर बनाया जा रहा है यह इस समय की सबसे बड़ी जरूरत है।

Next Story