दिल्ली

दिल्ली: जूता फैक्ट्री आग में बुरी तरह जला हुआ मिला शव, अब भी लापता हैं सगे भाई

सुजीत गुप्ता
22 Jun 2021 6:26 AM GMT
दिल्ली: जूता फैक्ट्री आग में बुरी तरह जला हुआ मिला शव, अब भी लापता हैं सगे भाई
x
दिल्ली पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, उद्योग नगर की जे-5 स्थित फैक्ट्री में आग लगने के संबंध में सुबह 8.56 बजे एक पीसीआर कॉल मिली थी। यह एक जूते का गोदाम है और कंपनी का नाम अपेक्षा इंटरनेशनल है, जिसका मालिक पंकज गर्ग है।

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के उद्योग नगर के जे-5 में स्थित एक जूता फैक्ट्री में सोमवार की सुबह भीषण आग लग गई। फैक्ट्री से आग की लपटें उठती देख इलाके में अफरा-तफरी मच गई थी। इसी बीच अगले दिन यानि मंगलवार की सुबह एक शख्स का जला हुआ शव बरामद किया गया है। लेकिन अभी तक शव की पहचान नहीं हो पाई है। इसके अलावा आजमगढ़ के दो भाई अब भी लापता हैं। वहीं घटना के बाद से 5-6 लोग लापता बताए जा रहे थे।

दिल्ली दमकल विभाग के अधिकारियों ने बताया कि सुबह 8:22 मिनट पर फैक्ट्री में आग लगने की जानकारी मिली थी पुलिस के आला अधिकारी भी मौके पर पहुंचे थे। राहत और बचाव कार्य में एनडीआरएफ की भी मदद ली गई। एनडीआरएफ दस्ते के साथ दमकल की 35 गाड़ियों ने करीब 10 घंटे बाद शाम 7 बजे आग पर काबू पा लिया गया। हालांकि गोदाम के कुछ हिस्सों में कूलिंग का काम चल रहा था।

आजमगढ़ के दो सगे भाई

बरदह थाना क्षेत्र के पसिका गांव निवासी रमेश कुमार अपने तीन पुत्रों के साथ दिल्ली के उद्योग नगर में एक जूता फैक्ट्री में काम करते हैं। इस समय रमेश कुमार गांव में हैं। तीनों पुत्र दिल्ली में हैं। इनमें से रविवार की रात में रमेश के पुत्रों सोनू कुमार व विक्रम कुमार की शिफ्ट एक साथ थी। सबसे बड़े पुत्र अखिल कुमार की शिफ्ट दिन मे थी।

आजमगढ़ में रमेश के पास भी खबर आई कि फैक्ट्री के 6 लोग लापता हैं। वहीं सोनू और विक्रम के मोबाइल भी बंद हैं। दोनों भाइयों के फैक्ट्री में फंसे होने की आशंका है। किसी अनहोनी की आशंका से दोनों भाइयों के घर में लोग सहमे हुए हैं। और सोमवार दोपहर बारह बजे परिजन दिल्ली के लिए रवाना हो गए। दोनों ही अभी अविवाहित हैं।

बतादें कि दिल्ली पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, उद्योग नगर की जे-5 स्थित फैक्ट्री में आग लगने के संबंध में सुबह 8.56 बजे एक पीसीआर कॉल मिली थी। यह एक जूते का गोदाम है और कंपनी का नाम अपेक्षा इंटरनेशनल है, जिसका मालिक पंकज गर्ग है।

Next Story