
साड़ी की वजह से महिला की एंट्री पर रोक लगाने वाले अकीला रेस्तरां को किया गया बंद, बिना लाइसेंस के चल रहा था

दक्षिण दिल्ली के एंड्रयूज गंज स्थित रेस्तरां (Andrews Ganj Restaurant) हाल ही में साड़ी पहनी एक महिला को कथित तौर पर प्रवेश नहीं करने देने पर चर्चा में आया था। अब खबर है कि खबरों में आया अकीला रेस्तरां (Aquila restaurant ) बंद हो गया है। विवादों में आने के बाद दक्षिण दिल्ली नगर निगम (एसडीएमसी) की जांच में अकीला रेस्तरां (Aquila restaurant ) को बिना लाइसेंस के पाया गया। इसके बाद एसडीएमसी की ओर से दिए गए क्लोजर नोटिस के बाद अकीला रेस्तरां प्रबंधन बंद करने हलफनामा निगम को देकर बंद कर दिया है। रेस्तरां की ओर से कहा कि वह बिना लाइसेंस के इन रेस्टोरेंट को चला रहे थे इसके बाद उसने प्रतिष्ठान बंद कर दिया है। हालांकि इसके लिए जरुरी हेल्थ लाइसेंस के लिए आवेदन कर दिया है।
एसडीएमसी की ओर से 24 सितंबर को नोटिस जारी किया गया। नोटिस में कहा गया है कि क्षेत्र के पब्लिक हेल्थ इंस्पेक्टर ने 21 सितंबर को जांच में पाया कि रेस्टोरेंट बिनाहेल्थ ट्रेड लाइसेंस के अस्वच्छ स्थिति में चल रहा था। यहां की स्थितियां स्वास्थ्य के लिहाज से भी उचित नहीं थीं। जांच के दौरान यह भी पाया कि रेस्टोरेंट ने सार्वजनिक स्थान पर अवैध कब्जा भी कर रखा था।पब्लिक हेल्थ इंस्पेक्टर ने 24 सितंबर को फिर जांच की और पाया कि रेस्तरां ने हालात में कोई सुधार नहीं किया है और उसी प्रकार चल रहा है।
इसके बाद एसडीएमसी ने रेस्तरां संचालक को जारी नोटिस में कहा था कि यहां चल रही गतिविधियों को नोटिस मिलने के 48 घंटे के अंदर बंद कर दिया जाए, अन्यथा बिना कोई और नोटिस दिए सीलिंग और अन्य कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
रेस्तरां के मालिक ने 27 सितंबर को दिए जवाब में कहा कि उक्त व्यवसाय तत्काल बंद कर दिया गया है और उसे एसडीएमसी ट्रेड लाइसेंस के बिना नहीं चलाया जाएगा।
दक्षिण दिल्ली नगर निगम (एसडीएमसी) के महापौर मुकेश सूर्यन ने इसकी पुष्टि की है कि रेस्तरां बंद हो गया है। सूर्यन ने पीटीआई-भाषा से कहा, "अकीला रेस्तरां बिना वैध लाइसेंस के चल रहा था। उसे हमने बंद किये जाने का नोटिस जारी किया, जिसके बाद अब वह बंद हो गया है। रेस्तरां , निकाय से मंजूरी लिए बिना चल रहा था इसलिए हम डीएमसी (दिल्ली नगर निगम) अधिनियम के तहत जुर्माना लगाने के प्रावधान समेत अन्य कार्रवाई की संभावना को भी तलाश रहे हैं।"
Saree is not allowed in Aquila restaurant as Indian Saree is now not an smart outfit.What is the concrete definition of Smart outfit plz tell me @AmitShah @HardeepSPuri @CPDelhi @NCWIndia
— anita choudhary (@anitachoudhary) September 20, 2021
Please define smart outfit so I will stop wearing saree @PMishra_Journo #lovesaree pic.twitter.com/c9nsXNJOAO
गौरतलब है कि महिला ने कहा था कि उसे उस रेस्टोरेंट में सिर्फ इसलिए नहीं जाने दिया गया क्योंकि उसने साड़ी पहनी हुई थी। इस दौरान महिला की रेस्टोरेंट के कर्मचारियों के साथ नोकझोंक भी हुई थी जिसका वीडियो उसने सोशल मीडिया पर पोस्ट हुआ था। 20 सितंबर को महिला ने ट्विटर पर वीडियो अपलोड किया गया था, जो वायरल हो गया था, वीडियो में एक महिला ये कहती हुई नजर आ रही है, "अंदर साड़ी की अनुमति नही है। सिर्फ स्मार्ट कैजुअल अलाउड हैं।"
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद रेस्टोरेंट ने सफाई देते हुए एक बयान जारी किया। रेस्टोरेंट ने कहा कि सोशल मीडिया पर जो वीडियो सामने आया है वो पूरा नहीं है। रेस्टोरेंट ने दावा किया कि महिला का पहले से कोई टेबल बुक नहीं थी। जिसके चलते हमने उनसे विनम्रता से अनुरोध किया कि हमारे यहां कोई जगह नहीं खाली है। जिसके बाद महिला ने कर्मचारियों से झगड़ा किया।




