दिल्ली

बढ़ती मंहगाई, रसोई गैस सिलेंडर के बढ़ते दामों के खिलाफ भारतीय युवा कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन

सुजीत गुप्ता
9 Nov 2021 10:15 AM GMT
बढ़ती मंहगाई, रसोई गैस सिलेंडर के बढ़ते दामों के खिलाफ भारतीय युवा कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन
x
अच्छे दिन, लोगो के लिए काफी बुरे साबित हो रहे है: श्रीनिवास बी वी

नई दिल्ली। आज बढ़ती और कमर तोड मंहगाई, और रसोई गैस सिलेंडर के आसमान छूती कीमतों, के खिलाफ भारतीय युवा कांग्रेस ने राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री श्रीनिवास बी वी जी के नेतृत्व में पेट्रोलियम मंत्रालय के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। मोदी सरकार देशवासियों को बड़े बड़े सपने दिखाकर सत्ता में आई थी, आज गरीब के लिए महंगाई जानलेवा बन गई हैं। जनता महंगाई से त्रस्त है, पर केंद्र सरकार अपने आप में मस्त है। गैस सिलेंडर की कीमतें 1000 के पार जाने को तैयार है, कीमतों में आग लगी हुई है। महंगाई से जनता परेशान है पर सरकार जनता की पुकार सुनने को तैयार नहीं है।

भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री श्रीनिवास बी वी जी ने कहा कि रसोई गैस सिलेंडर के दामों में लगातार वृद्धि कर जनता को किस बात की सजा दे रही है मोदी सरकार? गैस सिलेंडर के दामों में 190 तक की बढ़ोतरी हुई है। देश और देशवासियों के लिए काफी महंगी पड़ी है मोदी सरकार। पड़ोसी देशों के मुकाबले भारत में महंगाई सबसे ज्यादा है, और मोदी जी कह रहे है की देश बदल रहा है।

उन्होंने यह भी कहा कि देश पर जो मुसीबतों का पहाड़ टूटा है, उसकी जिम्मेदार सिर्फ और सिर्फ मोदी सरकार और उसकी देश विरोधी नीतियां ही हैं। आम आदमी को मुसीबत में डालकर अपना खजाना भरने वाले लोग ये बात भूल गए हैं कि बहुत जल्द इन्हें भी जनता की अदालत में जाना है। यही है मोदीजी का अच्छे दिनों का वादा। रिपोर्ट्स के अनुसार सबसे ज्यादा ग्रेजुएट बेरोजगार आज सड़कों पर भटक रहे है पर सरकार अपने झूठे प्रचार प्रसार से अपनी ब्रैंडिंग में व्यस्त है। उन्होंने यह भी कहा कि मोदी सरकार ने 'जनलूट कार्यक्रम' के तहत टैक्स में वृद्धि कर जनता के साथ लूट की है। इस लूट के बाद भी जनता के हिस्से में सिर्फ खोखले वादे हैं, मोदी सरकार जनता को लूटना बंद करे।

युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री श्रीनिवास बी वी जी ने यह भी कहा कि मनमोहन सरकार के मुकाबले मोदी सरकार के दौरान गैस सिलेंडर के दामों में दोगुने से ज्यादा की वृद्धि हो चुकी है। अच्छे दिनों का सपना दिखाकर जनता को महंगाई के कुचक्र में फंसाया जा रहा है। लेकिन सरकार पर इन सब बातों से कोई फर्क पड़ता हुआ नहीं दिख रहा है। अगर थोड़ा सा भी फर्क पड़ता तो जनता पर इस तरह के जुल्म नहीं करती।

भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी राहुल राव ने कहा कि भारतीय युवा कांग्रेस ने आज राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री श्रीनिवास बी वी जी के नेतृत्व में बढ़ती मंहगाई और रसोई गैस सिलेंडर के बढ़ते दामों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। अनेकों युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता गैस सिलेंडर के साथ प्रदर्शन में शामिल हुए, और दिल्ली पुलिस ने बैरिकेडिंग कर बल स्वरूप युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को पेट्रोलियम मंत्रालय तक जाने से रोका, इसके चलते सभी प्रदर्शनकारी अपनी मांग को लेकर धरने पर बैठ गए।

प्रदर्शन में भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और दिल्ली प्रभारी भईया पवार, राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी राहुल राव, युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव और दिल्ली सह प्रभारी खुशबू शर्मा, युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव एकता ठाकुर, मोहम्मद शाहिद, मध्य प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष विक्रांत भूरिया, छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस के अध्यक्ष कोको पढ़ी, दिल्ली युवा कांग्रेस अध्यक्ष रणविजय सिंह लोचव समेत अनेकों युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



Next Story