दिल्ली

केजरीवाल ने सुधारी ये बड़ी गलती? केंद्रीय मंत्री ने उठाया सवाल तो दिल्ली के सीएम ने किया बदलाव

Arun Mishra
5 Jun 2021 5:16 PM GMT
केजरीवाल ने सुधारी ये बड़ी गलती? केंद्रीय मंत्री ने उठाया सवाल तो दिल्ली के सीएम ने किया बदलाव
x

नई दिल्ली : कुछ दिनों पहले केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद सिंह पटेल ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर राष्ट्रीय ध्वज का अपमान करने का आरोप लगाया था। आरोप लगा था कि जब अरविंद केजरीवाल एक प्रेस वार्ता में शामिल हुए थे तब वहां प्रदर्शित किये गये तिरंगे की हरी धारियों को विकृत और बड़ा किया गया था जबकि सफेद धारियों को कम किया गया था।

अब शनिवार को अरविंद केजरीवाल एक अन्य प्रेस कॉन्फ्रेंस में शामिल हुए थे। इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में भी तिरंगे को प्रदर्शित किया गया था। जिसके बाद यह सवाल उठ रहे हैं कि क्या वाकई मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने तिरंगे वाली गलती को सुधार लिया है?

दरअसल केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री प्रह्लाद सिंह ने अब एक अन्य ट्वीट करते हुए कहा है कि 'व्यक्ति अगर भूलवश गलती करता है, तो गलती स्वीकारता है फिर उसे सुधारता है। @ArvindKejriwal जी ने अगर अपनी गलती मानकर माफी मांगी होती तो उनका बड़प्पन होता?! लेकिन उनकी चुप्पी ने शंका को जन्म दिया। आपने अपनी गलती भले स्वीकार न की हो पर सुधार किया! धन्यवाद आपका'

केंद्रीय मंत्री ने अपने ट्वीट में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और प्रधानमंत्री कार्यालय को भी टैग किया है तथा इसके साथ ही केजरीवाल के संवाददाता सम्मेलन की पहले और अब की तस्वीर भी साझा की है। इससे पहले केंद्रीय मंत्री ने टेलीविजन पर प्रसारित संवाददाता सम्मेलन के दौरान तिरंगे को 'सजावटी वस्तु के तौर पर इस्तेमाल करने का केजरीवाल पर आरोप लगाया था। पटेल ने इस मुद्दे को लेकर दिल्ली के उपराज्यपाल अनिल बैजल को पत्र लिखकर कहा था कि 'संवाददाता सम्मेलन के दौरान उनके पीछे दिख रहा राष्ट्रीय झंडा, ध्वज नियमों का उल्लंघन है।

राष्ट्रीय ध्वज को सजावट के लिए जैसे तैयार करके लगाया गया है। बीच के सफेद हिस्से को कम करके हरे हिस्से को जोड़ दिया गया लगता है, जो भारत सरकार के गृह मंत्रालय के द्वारा निर्दिष्ट भारत झंडा संहिता में उल्लिखित भाग 1 के 1.3 में दिए गए मानकों का प्रयोग नहीं दिखाई देता है। बहरहाल अब इस मामले में केंद्रीय मंत्री ने शनिवार को पाया कि जब केजरीवाल संवाददाता सम्मेलन कर रहे थे तो उनके पिछले दिख रहा झंडा बदल गया है। जिसके बाद उन्होंने अरविंद केजरीवाल का शुक्रिया अदा किया है।

Next Story