दिल्ली

लखनऊ सुपर जायंट्स के गेंदबाजों ने हिलाया मुंबई इंडियंस की बल्लेबाजी को, 5 रनों से हराकर हासिल किये अहम पॉइंट्स

Anshika
17 May 2023 8:41 AM GMT
लखनऊ सुपर जायंट्स के गेंदबाजों ने हिलाया मुंबई इंडियंस की बल्लेबाजी को, 5 रनों से हराकर हासिल किये अहम पॉइंट्स
x
आईपीएल 2023 के 63वें मैच में दो मजबूत टीमें लखनऊ सुपर जायंट्स और मुंबई इंडियंस के बीच खेला गया बेहद रोमांचक मुकाबले में लखनऊ की टीम ने 5 रनों से बाजी मार ली

आईपीएल 2023 के 63वें मैच में दो मजबूत टीमें लखनऊ सुपर जायंट्स और मुंबई इंडियंस के बीच खेला गया बेहद रोमांचक मुकाबले में लखनऊ की टीम ने 5 रनों से बाजी मार ली। मुंबई इंडियंस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला करते हुए लखनऊ सुपर जायंट्स को पहले बल्लेबाजी करने के लिए आमंत्रित किया। लखनऊ की तरफ से केएल राहुल का न होना टीम की ओपनिंग को कमजोर बनाता है और यही वजह थी कि लखनऊ टीम की शुरुआत अच्छी नही हुई। इसके बाद कृणाल पांड्या और मार्कस स्टॉइनिस ने मोर्चा संभाला और एक अहम साझेदारी बनाई। कृणाल पांड्या ने 49 रनों की संभली हुई पारी खेली तो वही स्टॉइनिस ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 47 गेंदो में 89 रनों की पारी खेली जिसमे 8 छक्के और 4 चौके शामिल है। स्टाइनिस की ताबड़तोड़ पारी की बदौलत लखनऊ सुपर जायंट्स ने 20 ओवरों में 3 विकेट खोकर 177 रन बना लिए। लखनऊ की टीम ये बात जानती थी कि मुंबई इंडियंस की ताकत उनकी बल्लेबाजी है जिसकी वजह से वो आईपीएल की 5 ट्रॉफी अपने नाम की है। रोहित शर्मा, ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव जैसे धाकड़ बल्लेबाज़ों की वजह से ही मुंबई की टीम सबसे मजबूत मानी जाती है।


मुंबई इंडियंस ने अपनी बल्लेबाजी का नमूना पेश करते हुए ताबड़तोड़ ओपनिंग साझेदारी निभायी। रोहित और ईशान किशन ने मिलकर 90 रनों की साझेदारी निभाते हुए टीम को एक मजबूत शुरुआत दी। रोहित शर्मा के 37 रनों पर आउट होते ही ईशान किशन 59 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। ईशान और रोहित के बाद सूर्यकुमार यादव भी ज्यादा बड़ा कमाल नही कर सके। मैच धीरे धीरे लखनऊ की तरफ मुड़ने लगा और मुंबई को आखिरी ओवर में 11 रन चाहिए थे जीतने के लिए। टिम डेविड स्ट्राइक पर और सामने मोहसिन खान। लखनऊ सुपर जायंट्स की तरफ से मोहसिन खान ने शानदार आखिरी ओवर देते हुए महज 5 रन दिए और मुंबई इंडियंस सिर्फ 5 रनों से ये मुकाबला हार गयी।

लखनऊ सुपर जायंट्स ने मुंबई इंडियंस को 5 रनों से हराकर 2 अहम पॉइंट्स हासिल कर 15 पॉइंट्स बना लिए। अब उसकी प्ले ऑफ की दावेदारी और भी मजबूत हो गयी है। लखनऊ की टीम जानती है कि उसका सिर्फ 1 मुकाबला बचा है और 15 पॉइंट्स के साथ वो टॉप 3 में बनी हुई है। ऐसे में उसकी दावेदारी प्ले ऑफ के लिए काफी मजबूत दिखाई दे रही है। तो वही दूसरी तरफ मुंबई इंडियंस की प्ले ऑफ की राह अब थोड़ी मुश्किल लग रही है और उसको अब दूसरो के नतीजों पर निर्भर रहना पड़ेगा। आईपीएल 2023 के प्ले ऑफ में गुजरात टाइटंस पहले ही पहुंच चुकी है तो वही सनराइजस हैदराबाद और दिल्ली कैपिटल्स इस रेस से बाहर हो चुकी है।

Next Story