दिल्ली

मुख्यमंत्री आवास के बाहर तोड़फोड़ करने वाले युवा कार्यकर्ताओं का सम्मान, भड़के आप के दिग्गज नेता

Sakshi
16 April 2022 7:29 AM GMT
मुख्यमंत्री आवास के बाहर तोड़फोड़ करने वाले युवा कार्यकर्ताओं का सम्मान, भड़के आप के दिग्गज नेता
x
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) के आवास के बाहर तोड़फोड़ (Attack On Arvind Kejariwal House) करने वाले भाजपा युवा मोर्चा (भाजयुमो) के आठ कार्यकर्ताओं को भाजपा दफ्तर में सम्मानित किया गया।

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) के आवास के बाहर तोड़फोड़ (Attack On Arvind Kejariwal House) करने वाले भाजपा युवा मोर्चा (भाजयुमो) के आठ कार्यकर्ताओं को भाजपा दफ्तर में सम्मानित किया गया। इस पर आम आदमी पार्टी भड़क गई और भाजपा को गुंडों की पार्टी करार दे डाला। जवाब में भाजपा (BJP) ने मुख्यमंत्री को हिंदू विरोधी बताते हुए समाज से माफी मांगने की बात कही। इस मामले को लेकर शुक्रवार को दिनभर सियासी पारा गरम रहा।

दरअसल दिल्ली विधानसभा में 'दा कश्मीर फाइल्स' फिल्म पर आए मुख्यमंत्री के बयान के खिलाफ भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने 30 मार्च को सीएम आवास के बाहर प्रदर्शन किया था। इस दौरान प्रदर्शनकारी मुख्यमंत्री आवास के मुख्य गेट तक पहुंच गए और बूम बैरियर के साथ सीसीटीवी कैमरे तोड़ दिए। गेट पर रंग भी पोत दिया था। इस मामले में पुलिस ने भाजपा कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी की थी।

14 दिन बाद जमानत पर छूटे आठ कार्यकर्ताओं का शुक्रवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने पार्टी दफ्तर में सम्मान किया। गुप्ता ने बताया कि हिंदू विरोधी अरविंद केजरीवाल के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए जेल भेजे गए आठ कार्यकर्ताओं को 14 दिन बाद जमानत मिली है। प्रदेश कार्यालय में अपने इन कार्यकर्ताओं का स्वागत किया गया। भाजपा का हर कार्यकर्ता हिंदू विरोधी ताकतों के खिलाफ लड़ता रहेगा। इसकी जानकारी मिलने के बाद आप नेता भाजपा पर हमलावर हो गए।

आप विधायक आतिशी ने कहा कि मुख्यमंत्री और उनके परिवार पर हमला करने वालों को सम्मानित कर भाजपा ने बता दिया कि वह गुंडों की पार्टी है। भाजपा नेता गुंडों और बलात्कारियों को सम्मानित कर आगे बढ़ाते हैं। भाजपा का गुंडागर्दी का डीएनए है और गुंडागर्दी, बलात्कार, अपहरण करने वाले लोगों को भाजपा आगे बढ़ाती है। आरोप लगाया कि भाजपा के 50 नेताओं पर छेड़छाड़, दुष्कर्म आदि के आरोप हैं।

इस स्वागत समारोह पर दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया (Manish Sisodia) ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए ट्वीट कर लिखा, 'मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के घर पर जानलेवा हमला करने वाले BJP कार्यकर्ताओं को BJP फूलों की माला पहनाकर सम्मानित कर रही है। साबित है कि BJP सिर्फ गुंडों को अपनी पार्टी में शामिल ही नहीं करती, बल्कि गुंडागर्दी और लफंगाई को बेशर्मी से वर्चस्व भी देती हैं।

Next Story