गुजरात

गुजरात शिक्षा बोर्ड ने 12वीं की बोर्ड परीक्षा रद्द की, अन्य राज्य भी ले सकते हैं फैसला

Arun Mishra
2 Jun 2021 8:26 AM GMT
गुजरात शिक्षा बोर्ड ने 12वीं की बोर्ड परीक्षा रद्द की, अन्य राज्य भी ले सकते हैं फैसला
x
गुजरात शिक्षा बोर्ड ने 12वीं की बोर्ड परीक्षा रद्द कर दी है।

गुजरात शिक्षा बोर्ड ने 12वीं की बोर्ड परीक्षा रद्द कर दी है। कोरोना के हालात को देखते हुए राज्य सरकार ने एक बैठक के बाद यह फैसला किया है। शिक्षा मंत्री भूपेंद्र सिंह चुडासमा ने इसकी जानकारी दी है। इससे पहले केंद्र सरकार ने CBSE 12वीं की परीक्षाएं रद्द कर दी थी। अब नजर है अन्य राज्यों के बोर्ड पर, जिन पर अभी फैसला नहीं हुआ है। अगर CBSE के लिहाज से देखें तो इस पर फैसला आने से पहले 20 राज्य ऐसे थे जो परीक्षाएं चाहते थे, पर शर्तों के साथ। माना जा रहा है कि राज्य अपने बोर्ड की 12वीं की परीक्षा पर भी एक-दो दिन में फैसला ले सकते हैं।

UP, राजस्थान, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश में फैसला जल्द

उत्तर प्रदेश: CBSE और ICSE के बाद अब UP बोर्ड 12वीं का एग्जाम भी कैंसिल हो सकता है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जल्द ही इसका ऐलान कर सकते हैं। अगर ऐसा होता है तो पहली बार बगैर परीक्षा दिए 12वीं के 26 लाख स्टूडेंट्स पास हो जाएंगे। बोर्ड के इतिहास में ऐसा पहली बार होगा। डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा ने भी इस ओर इशारा किया है। इससे पहले यूपी बोर्ड 10वीं की परीक्षा कैंसिल कर चुका है।

मध्य प्रदेश: राज्य के स्कूल शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार ने कहा कि एमपी बोर्ड की 12वीं की परीक्षा को लेकर बुधवार को फैसला लिया जाएगा। मध्य प्रदेश में एमपी बोर्ड 10वीं की परीक्षा पहले ही रद्द कर दी गई थी। जबकि 12वीं की परीक्षा की तिथि घोषित करने को लेकर जल्द ही निर्णय होने वाला था, लेकिन सीबीएसई 12वीं की परीक्षा रद्द होने के बाद अब मप्र बोर्ड भी परीक्षा को लेकर विचार करेगा।

राजस्थान: राज्य में दसवीं व बारहवीं क्लास के 21 लाख स्टूडेंट्स हैं। इनके एग्जाम का फैसला बुधवार को राजस्थान सरकार की कैबिनेट मीटिंग में होगा। माध्यमिक शिक्षा निदेशालय और माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने इस संबंध में आठ-दस प्रस्ताव सरकार को सौंप दिए हैं। राज्य में CBSE भी बोर्ड एग्जाम रद्द किए जा चुके हैं। इससे राजस्थान के करीब सात सौ स्कूल्स के 65 हजार स्टूडेंट्स को राहत मिली। राजस्थान में 10वीं क्लास के करीब 11 लाख स्टूडेंट्स हैं, जबकि 12वीं क्लास के 10 लाख स्टूडेंट्स हैं।

महाराष्ट्र: राज्य की शिक्षा मंत्री वर्षा गायकवाड़ ने कहा है कि बेशक 12वीं के एग्जाम्स किसी स्टूडेंट की जिंदगी का अहम पड़ाव होते हैं। लेकिन मौजूदा हालात में हमारे बच्चों के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को प्राथमिकता देनी चाहिए। महाराष्ट्र सरकार से क्लास 12 स्टूडेंट्स के लिए नॉन-एग्जामिनेशन रूल की मांग की गई है। राज्य जल्द ही बच्चों की सुरक्षा का ख्याल रखते हुए परीक्षा पर अंतिम फैसला लेगा। हालांकि तय शेड्यूल के मुताबिक 12वीं कक्षा की परीक्षा 23 अप्रैल से और 10वीं की परीक्षा 29 अप्रैल से शुरू होनी थी। राज्य में 16 लाख से ज्यादा छात्र परीक्षा का इंतजार कर रहे हैं।

Next Story