गुजरात

गुजरात की इस सीट पर जो पार्टी जीतती है, सरकार उसी की बनती

Shiv Kumar Mishra
23 Oct 2022 10:38 AM GMT
गुजरात की इस सीट पर जो पार्टी जीतती है, सरकार उसी की बनती
x

दिल्ली। गुजरात में विधानसभा चुनाव को लेकर सभी राजनीतिक पार्टियों ने कमर कस ली है। सभी दलों के नेता चुनाव प्रचार की तैयारियों में जुट गए हैं। लेकिन यहां विधानसभा की एक सीट का ऐसा संयोग रहा है कि उसे जीतने वाली पार्टी ही प्रदेश में सरकार बनाती है। यह एक अजब का संयोग माना जाता है।

वर्ष 1960 में राज्य के गठन के बाद अब तक हुए सभी 13 विधानसभा चुनावों में महज एक ही अपवाद है, जब वलसाड विधानसभा सीट पर जीत दर्ज करने वाली पार्टी की राज्य में सरकार नहीं बनी। शेष सभी अवसरों पर यहां से जीत दर्ज करने वाली पार्टी ने ही गुजरात में सरकार बना ली है।

पहले बुल्सार का सीट का नाम

गुजरात में पहली बार 1962 में विधानसभा चुनाव कराए गए थे। तब से लेकर 1975 तक गुजरात की सत्ता पर कांग्रेस का एकछत्र राज रहा। वर्ष 1975 का विधानसभा चुनाव पहला मौका था जब कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी के रूप में तो उभरी लेकिन वह बहुमत के आंकड़े से दूर रह गई। साल 1975 के बाद हुए सभी चुनावों में यहां से जीत दर्ज करने वाली पार्टी की ही राज्य में सरकार बनी। वर्ष 1980 और 1985 के विधानसभा चुनावों में यहां से कांग्रेस के उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की और राज्य में कांग्रेस की सरकार बनी। इसके बाद हुए 1990, 1995, 1998, 2002, 2007, 2012 और 2017 के विधानसभा चुनावों में यह सिलसिला जारी रहा।

क्या 2022 में बना रहेगा संयोग?

पिछले दो विधानसभा चुनावों से वलसाड से भाजपा नेता भरत पटेल जीत दर्ज करते आ रहे हैं। वलसाड से जुड़े इस इत्तेफाक के बारे में जब उनसे बात की गई तो उन्होंने कहा कि यह वलसाड की परंपरा रही है कि वह ऐसी पार्टी को जिताती है, जो सरकार बनाती है। उन्होंने दावा किया कि इस विधानसभा सीट के तमाम समीकरण उनके पक्ष में हैं और वह आगामी विधानसभा चुनाव में इसे फिर से जीतकर पार्टी की झोली में डालेंगे और सरकार बनाने की इस परंपरा को आगे बढ़ाएंगे। वलसाड सीट 2008 के परिसीमन के बाद अस्तित्व में आई। इससे पहले, इस सीट का नाम बुल्सार था।

तब 'सिंडिकेट कांग्रेस' जीती

वलसाड में अब तक हुए विधानसभा चुनावों में सिर्फ 1972 का चुनाव ऐसा रहा, जब वहां से जीत दर्ज करने वाली पार्टी की राज्य में सरकार नहीं बनी। हालांकि एक तथ्य यह भी है इस चुनाव में 140 सीट जीतने वाली कांग्रेस ने सरकार तो बनाई लेकिन अंदरूनी मतभेदों के चलते वह अपना कार्यकाल पूरा नहीं कर सकी और राज्य में कुछ समय तक राष्ट्रपति शासन लागू करना पड़ा। इस चुनाव में वलसाड में सिंडिकेट कांग्रेस के उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ने वाले केशव भाई पटेल की जीत हुई। उन्होंने कांग्रेस के उम्मीदवार गोविंद देसाई को 6,908 मतों से पराजित किया।

दो बार बनी त्रिशुंक स्थिति

गुजरात के विधानसभा चुनावों के इतिहास में सिर्फ दो ही बार त्रिशंकु विधानसभा बनी है। पहली बार 1975 के चुनाव में और दूसरी बार 1990 के चुनाव में जब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और जनता दल गठबंधन की सरकार बनी। कांग्रेस को 1975 के चुनाव में 75 सीटों पर जीत हासिल हुई थी जबकि कांग्रेस से टूटकर बनी इंडियन नेशनल कांग्रेस (ओ) को 56 सीटों पर सफलता मिली थी। आईएनसी (ओ) को अनौपचारिक रूप से 'सिंडिकेट कांग्रेस' भी कहा जाता था।

Next Story