हरियाणा

हरियाणा में किसानों पर लाठीचार्ज कई के सिर फूटे, किसानों ने हाईवे किया जाम, राकेश टिकैत हिसार रवाना

Arun Mishra
28 Aug 2021 11:06 AM GMT
हरियाणा में किसानों पर लाठीचार्ज कई के सिर फूटे, किसानों ने हाईवे किया जाम, राकेश टिकैत हिसार रवाना
x
इस घटना के सामने आने के बाद किसान नेता राकेश टिकैत हिसार के लिए निकल पड़े.

हरियाणा में भाजपा नेताओं को मीटिंग में जाने से रोकने की कोशिश कर रहे किसानों पर शनिवार को लाठीचार्ज किया गया है। करनाल में घरौंडा के पास बसताड़ा टोल प्लाजा पर पुलिस ने किसानों पर लाठियां भांजी। क्योंकि किसानों ने भाजपा नेताओं को रोकने की योजना बनाते हुए टोल की दो-दो क्रॉसिंग छोड़कर बाकी को बंद कर दिया था। पुलिस ने उन्हें समझाने की कोशिश की लेकिन वे नहीं माने, इसके बाद ये हालात बने। लाठीचार्ज में कई किसानों के सिर फूटे और खून बहा।

लाठीचार्ज के बाद किसानों ने हाईवे किया जाम

वहीं पुलिस की कार्रवाई से बचने के लिए किसान खेतों में भाग गए। उधर लाठीचार्ज के विरोध में किसानों ने हिसार, सिरसा, फतेहाबाद, भिवानी, जींद, रोहतक, अंबाला, करनाल, पानीपत, सोनीपत समेत प्रदेश के अन्य कई जिलों में हाईवे और टोल जाम कर दिए हैं।

राकेश टिकैत हिसार रवाना

इस घटना के सामने आने के बाद किसान नेता राकेश टिकैत हिसार के लिए निकल पड़े. उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा है, ''हरियाणा में निहत्थे किसानों पर लाठीचार्ज दुर्भाग्यपूर्ण है.किसान डरने वाले नहीं हैं.गाजीपुर बॉर्डर से हिसार के निकल चुका हूं. आंदोलनकारी का रास्ता लाठी, गोली नहीं रोक सकती.''

करनाल में चल रही भाजपा संगठन की बैठक

बता दें कि शनिवार को करनाल शहर में भाजपा की संगठनात्मक बैठक थी। इस कारण करनाल पुलिस और प्रशासन ने शहर में एंट्री के सभी प्वॉइंट बंद कर रखे हैं। इसलिए किसान मीटिंग और भाजपा नेताओं का विरोध करने के लिए शहर के अंदर नहीं घुस पाए। किसानों ने शहर में कूच करना चाहा, लेकिन पुलिस ने उन्हें घुसने ही नहीं दिया। इसके बाद किसानों ने नेताओं को वहीं टोल पर रोकने की तैयारी कर ली। इस दौरान किसानों को रोकते हुए पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया।

Next Story