हिसार

सोनाली फोगाट हत्या मामले में हुई एमएलए गोपाल कांडा की एंट्री!

Shiv Kumar Mishra
25 Aug 2022 8:53 AM GMT
सोनाली फोगाट हत्या मामले में हुई एमएलए गोपाल कांडा की एंट्री!
x

हिसार । सोनाली फोगाट की संदिग्ध हालात में हुई मौत से जुड़े केस में गोपाल कांडा की एंट्री हो गई है। गोपाल कांडा हरियाणा में सिरसा से MLA हैं और उनके ज्यादातर बिजनेस गोवा में ही चलते हैं। सोनाली के परिवार ने आरोप लगाया है कि गोपाल कांडा इस केस में सोनाली के PA सुधीर सांगवान की मदद कर रहा है और उसी वजह से गोवा पुलिस सुधीर सांगवान पर केस दर्ज नहीं कर रही.

गौरतलब है कि गोपाल कांडा खुद भी कई मामलों में विवादित रहा है। गोपाल कांडा सिरसा सीट से अपनी हरियाणा लोकहित पार्टी (हलोपा) के टिकट पर विधायक हैं और उन्होंने हरियाणा की BJP-JJP सरकार को समर्थन दे रखा है। गोपाल कांडा का भाई गोविंद कांडा BJP में है।

2-3 साल पहले सोनाली-सुधीर से जुड़ा सुखविंदर

सोनाली के भाई वतन ढाका ने बुधवार को हिसार में कहा कि सोनाली फोगाट के PA सुधीर सांगवान के साथ सुखविंदर नामक लड़का रहता है। सुखविंदर इससे पहले गोपाल कांडा के पास काम करता था। दो-तीन साल पहले सुखविंदर ने गोपाल कांडा का साथ छोड़ दिया और सोनाली व सुधीर के साथ जुड़ गया। सोनाली की मौत के बाद सुखविंदर ने गोपाल कांडा से संपर्क किया। अब इस केस में गोपाल कांडा सुधीर सांगवान और सुखविंदर की मदद कर रहा है।

वतन ढाका ने बताया कि गोपाल कांडा के दबाव के चलते ही गोवा पुलिस सुधीर और सुखविंदर पर केस नहीं कर रही। उन्हें इन सब बातों का पता मंगलवार-बुधवार दरम्यानी रात में ही चला। परिवार के आग्रह पर हरियाणा के सीएम मनोहर लाल और शिक्षा मंत्री कंवर पाल गुर्जर ने इस बारे में गोवा की BJP सरकार से बात की है मगर सुधीर और सुखविंदर पर FIR दर्ज नहीं की जा रही।

फार्म हाउस से लैपटॉप और मोबाइल गायब

इस बीच हिसार स्थित सोनाली फोगाट के फार्म हाउस से एक मोबाइल और लैपटॉप गायब हो गया है। सोनाली के भाई वतन ढाका ने बताया कि सुबह फार्म हाउस पर एक लड़का आया था। वह चेहरे से तो उसे पहचानते हैं मगर उसका नाम नहीं जानते क्योंकि ये लड़का अक्सर सुधीर के साथ नजर आता था। कुछ ही समय बाद लड़का वापस चला गया। उसके बाद से सोनाली का लैपटॉप व एक मोबाइल गायब है। उन्होंने लड़के को कई बार फोन किए मगर उसका मोबाइल बंद आ रहा है..

Next Story