
Corona Update कोरोना अपडेट : देश में पिछले 24 घंटे में आए 40 हजार से कम नए मामले, 628 मरीजों की हुई मौत

देश में कोरोना वायरस की तीसरी लहर की आशंका के बीच हर दिन कोरोना के नए आकंड़ों में उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहे हैं. शुक्रवार को कोरोना संक्रमण के 38 हजार 628 पॉजिटिव केस पाए गए हैं जबकि बीते 24 घंटे में 617 मरीजों की मौत हुई है. हालांकि देशभर में कल 40,017 लोग ठीक हुए हैं.
स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, देश में अब तक कोरोना की कुल संख्या 3,18,95,385 हो गई है. बीते दिन के आंकड़ों के बाद देश में अब तक 4,27,371 लोगों की मौत हो चुकी है, वहीं अब तक कुल 3,10,55, 861 डिस्चार्ज हो चुके हैं. देश में वर्तमान समय में कोरोना के कुल 4,12,153 केस सक्रिय हैं.
केरल में शुक्रवार को कोविड के 19,948 नये मामले सामने आने के साथ कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 35 लाख 13 हजार 551 हो गयी. जबकि 187 और मरीजों की मौत होने से मृतकों की तादाद 17,515 पर पहुंच गयी. नए मामलों में मलाप्पुरम में सर्वाधिक 3417 नए मरीज सामने आए. इसके बाद एर्नाकुलम में 2310, त्रिशूर में 2167, कोझिकोड में 2135, पलक्कड़ में 2031, कोल्लम में 1301, अलाप्पुझा में 1167, तिरुवनंतपुरम में 1070 और कन्नूर में कोरोना वायरस संक्रमण के 993 नये मामले सामने आए.
स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, 6 अगस्त तक देशभर में 50 करोड़ 10 लाख कोरोना वैक्सीन के डोज दिए जा चुके हैं. बीते दिन 49.55 लाख टीके लगाए गए. वहीं भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद् (आई.सी.एम.आर) के अनुसार, अबतक 47 करोड़ 83 लाख कोरोना टेस्ट किए जा चुके हैं. बीते दिन करीब 18 लाख कोरोना सैंपल टेस्ट किए गए, जिसका पॉजिटिविटी रेट 3 फीसदी से कम है.




