
कोरोना वायरस होने पर शरीर में होने लगते हैं ऐसे बदलाव, जानिए- क्या हैं इस वायरस से बचने के उपाय

चीन में फैले कोरोना वायरस से अब तक करीब 425 लोगों की मौत हो चुकी है. चीन से शुरू हुआ कोरोना वायरस का संक्रमण दुनिया के कई देशों में फैल चुका है. आइए जानते हैं कि कोरोना वायरस से आपके शरीर में किस तरह के बदलाव होते हैं और ये वायरस फैलने के बाद शरीर में किस तरह के लक्षण दिखते हैं.
भारत में कोरोना वायरस के जितने भी मरीज आ रहे हैं, उनमें सर्दी, खांसी की शिकायत के साथ निमोनिया के भी लक्षण पाए जा रहे हैं. इन मरीजों के फेफड़ों में पानी भरा हुआ था. कोरोना के मरीजों में बुखार, खांसी की समस्या आम है. इसके अलावा कई लोग ऐसे भी हैं जो इसकी वजह सांस की भी तकलीफ से जूझ रहे हैं.
कई मरीजों ने बताया कि शरीर में कोरोना फैलने पर इनके मांसपेशियों और सिर में बहुत दर्द हो रहा था जबकि कई लोगों के गले में फोड़े की समस्या थी.
कोरोना वायरस से बचने के उपाय
ये वायरस संक्रमण प्रभावित व्यक्ति के संपर्क में आने से तेजी से फैलता है. इसलिए मास्क का उपयोग करें और भीड़ भाड़ वाले स्थानों या समूह से दूरी बनाए रखें. अपने आसपास के माहौल के प्रति सतर्क रहें और खांसते या छींकते समय अपने मुंह और नाक को रूमाल से ढकें.
नाक, कान या मुंह को छूने से पहले और बाद में अपने हाथों को साबुन और पानी से अच्छी तरह धोएं.




