
रिकवर हो चुके Corona मरीज के Brain में मिला खतरनाक White Fungus फोड़ा, देखकर वैज्ञानिक हैरान

कोरोना वायरस महामारी (Coronavirus Pandemic) की तीसरी लहर जल्द शुरू होने की चर्चाओं के बीच हैदराबाद (Hyderabad) से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने सभी लोगों के माथे पर चिंता की लकीरें खींच दी हैं. यहां कोरोना से रिकवर हो चुके एक मरीज के ब्रेन में दुर्लभ वाइट फंगस फोड़ा यानी एस्परगिलस (Aspergillus) मिला है.
हैदराबाद के सनशाइन अस्पताल में न्यूरोसर्जन डॉ. पी. रंगनाथम ने बताया कि, 'ये मरीज बीते मई महीने में कोरोना से संक्रमित हुआ था. बीमारी के वक्त उसके फेफड़ों में गंभीर संक्रमण था, और उसे बोलने में भी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा था.
इसके बाद उसका बॉडी स्कैन किया गया, जिसमें पता चला था कि मरीज के ब्रेन में क्लॉट जैसी संरचनाएं बन रही हैं. लगातार इलाज किए जाने के बावजूद ये क्लॉट ठीक नहीं हुए. इसलिए हमने सर्जरी करने का फैसला किया. तब पता चला कि वाइट फंगस ने फोड़ा बना लिया है जो कि बेहद दुर्लभ बीमारी मानी जाती है.'
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक डॉक्टर रंगनाथम ने बताया कि, 'ऐसे बहुत रेयर केस में होता है. भारत में ऐसे मामले बिल्कुल न के बराबर आए हैं. ये एक यूनीक केस है. सामान्य तौर पर फंगल इन्फेक्शन शुगर के मरीजों या खराब इम्यून सिस्टम वाले मरीजों को जल्दी अपनी गिरफ्त में लेता है. लेकिन 60 वर्षीय इस मरीज को डायबिटीज की समस्या भी नहीं है. इसलिए चिंता करने की वजह बढ़ जाती है.'
गौरतलब है कि भारत में कोरोना की दूसरी लहर के बाद ब्लैक फंगस के केस एकाएक बढ़ गए थे. विशेष रूप से महाराष्ट्र और गुजरात में इसके मरीजों की संख्या काफी ज्यादा थी. हालांकि इसके बाद वायरस के कई वेरिएंट भी सामने आए. लेकिन अब मरीज के दिमाग में वाइट फंगस फोड़े की बात सामने आने से वैज्ञानिक भी हैरान हैं.
डॉक्टर्स का कहना है कि जैसे-जैसे कोरोना की दूसरी लहर का असर कम हुआ, वैसे वैसे ब्लैक फंगस और बाद में आए व्हाइट फंगस के मामले में भी कम होते गए, लेकिन खतरा अभी भी टला नहीं है. कोरोना नए-नए तरीके से लोगों की सेहत को प्रभावित कर रहा है. इसलिए कोरोना प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन करते रहें.




