हिमाचल प्रदेश

हिमाचल BJP प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल ने दिया इस्तीफा, जेपी नड्डा ने किया मंजूर

Arun Mishra
27 May 2020 3:55 PM GMT
हिमाचल BJP प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल ने दिया इस्तीफा, जेपी नड्डा ने किया मंजूर
x
इस्तीफा देने के बाद प्रदेश में राजनीतिक हलचल शुरू हो गई है।

भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की हिमाचल प्रदेश इकाई के अध्यक्ष राजीव बिंदल ने नैतिकता के आधारपर आज इस्तीफा दे दिया। उन्होंने इस्तीफा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को भेज दिया है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने राजीव बिंदल का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है।

डॉ. बिंदल ने त्यागपत्र में लिखा है कि बीते दिनों स्वास्थ्य निदेशक के ऑडियो वायरल मामले में भाजपा पर उंगलियां उठाई गईं। इस पर विजिलेंस ने निदेशक डॉ. अजय कुमार गुप्ता को तुरंत ही गिरफ्तार कर लिया। इसी दौरान अप्रत्यक्ष रूप से बीजेपी पर उंगलियां उठाई जाने लगी।

बिंदल ने कहा कि वो दावे से कह सकते हैं कि भाजपा का इससे कोई लेना-देना नहीं है। इस प्रकरण को भाजपा के साथ जोड़ना सरासर गलत है। साथ ही कोरोना महामारी के दौरान की गई सेवा का भी अपमान है। चूंकि वो पार्टी के अध्यक्ष हैं, लिहाजा वो नैतिक मूल्यों को ध्यान में रखते हुए अध्यक्ष पद से त्यागपत्र दे रहे हैं। बिंदल ने दोहराया कि वो केवल उच्च नैतिक मूल्यों के आधार पर इस्तीफा दे रहा हैं।

गौरतलब है कि कुछ समय पहले ही श्री बिंदल को विधानसभा के अध्यक्ष पद से हटाकर प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया था। बताया जाता है कि जिस व्यक्ति ने पूर्व निदेशक को पांच लाख रिश्वत की पेशकश की थी, वो भाजपा नेता की बेटी की फर्म में मार्केटिंग मैनेजर है। वह सिरमौर के रेणुका विधानसभा क्षेत्र का रहने वाला है। नेता की बेटी की फर्म सोलन में है।

उल्लेखनीय है कि डॉ. बिंदल पूर्व में प्रेम कुमार धूमल की सरकार में स्वास्थ्य मंत्री रह चुके है। उन्हें पूर्व अध्यक्ष सतपाल सत्ती का कार्यकाल पूरा होने के बाद हिमाचल भाजपा का अध्यक्ष बनाया गया था। इस्तीफा देने के बाद प्रदेश में राजनीतिक हलचल शुरू हो गई है।

Next Story