अंतर्राष्ट्रीय

रूस में विद्रोह? वैगनर ने पुतिन को हटाने की खाई कसम! पुतिन की हुंकार- सैन्य विद्रोह को कुचल देंगे

Arun Mishra
24 Jun 2023 7:46 AM GMT
रूस में विद्रोह? वैगनर ने पुतिन को हटाने की खाई कसम! पुतिन की हुंकार- सैन्य विद्रोह को कुचल देंगे
x
रूस के राष्ट्रपति पुतिन बड़े संकट में घिर गए हैं।

रूस के राष्ट्रपति पुतिन बड़े संकट में घिर गए हैं। रूस की शक्तिशाली प्राइवेट आर्मी समूह वैगनर ने बगावत कर दी है। मॉस्को हाई-अलर्ट पर है। राजधानी में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। रूस में तख्तापलट होने की आशंका जताई जा रही है। यूक्रेन में युद्ध को लेकर रूसी भाड़े के बॉस येवगेनी प्रिगोझिन और सैन्य शीर्ष अधिकारियों के बीच लंबे समय से चल रहा गतिरोध अब खुलकर सामने आ गया है। वैगनर समूह के 25, 000 सैनिक मरने मारने के लिए तैयार हैं।

वैग्नर ग्रुप और रूसी सेना में तनाव

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की सबसे भरोसेमंद कहे जाने वाले वैग्नर ग्रुप और रूसी सेना के बीच तनाव हो गया है. ‘वैग्नर ग्रुप’ के प्रमुख ने कथित तौर पर मॉस्को के सैन्य नेतृत्व को उखाड़ फेंकने का फैसला किया है.

रूस में क्रेमलिन की सुरक्षा के लिए मॉस्को में टैंकों की तैनाती किए जाने की सूचना है. क्रेमलिन रूसी राष्ट्रपति के आवासीय परिसर को कहा जाता है, जो राजधानी मॉस्को में है. न्यूज एजेंसी TASS ने एक सूत्र के हवाले से बताया कि 24 जून की तड़के मध्य मॉस्को में सैन्य वाहन देखे गए.

मॉस्को आने वाले हाई-वे बंद किए गए

वैगनर ग्रुप के लड़ाके मोर्चे पर है। वैगनर चीफ ने रूस के खिलाफ जंग का ऐलान कर दिया है। मॉस्को आने वाले हाई-वे को बंद किया गया है। वैगनर का दावा है कि रूसी सेना का दूसरा हेलीकॉप्टर भी मार गिराया गया है। रोस्टोव के गवर्नर ने लोगों से घर से बाहर नहीं निकलने की अपील की है। वैगनर ने ये भी दावा किया है कि उनकी आर्मी ने रोस्तोव शहर में कई जगह पर कब्जा कर लिया है। रोस्तोव के मेयर ने लोगों से घर के अंदर रहने की अपील की है।

वैगनर ग्रुप भाड़े के सैनिकों की एक निजी सेना है जो यूक्रेन में नियमित रूसी सेना के साथ लड़ रही है। एक समय पुतिन के सहयोगी रहे प्रिगोजिन ने हाल के महीनों में मॉस्को के साथ लगातार कड़वी दुश्मनी को अंजाम दिया है।

पुतिन की हुंकार- सैन्य विद्रोह को कुचल देंगे

रूस में गहराए गृहयुद्ध के संकट के बीच राष्ट्रपति पुतिन ने राष्ट्र को संबोधित किया. पुतिन ने कहा कि, रूस अपने भविष्य के लिए कड़ा संघर्ष कर रहा है और इसके लिए उन सभी चीजों को छोड़ने की जरूरत है जो हमें कमजोर करती हैं. उन्होंने कहा कि रूसी राष्ट्र के भाग्य का फैसला अभी किया जा रहा है, हमें सभी ताकतों को एकजुट करने और किसी भी मतभेद को दूर करने की आवश्यकता है.

संबोधन में पुतिन ने कहा कि आज हम जिस चीज का सामना कर रहे हैं वह आंतरिक विश्वासघात है. हमें रूस में अपनी सभी सेनाओं की एकता की आवश्यकता है. जो कोई भी विद्रोह के पक्ष में कदम उठाएगा उसे दंडित किया जाएगा. उन्हें कानून और हमारे लोगों को जवाब देना होगा. अभी हम जो देख रहे हैं वह पीठ में छुरा घोंपने जैसा है, और उन्हें इसकी सजा भुगतनी होगी. हम अपने लोगों के जीवन और सुरक्षा के लिए लड़ रहे हैं और किसी भी मतभेद को दूर किया जाना चाहिए. पुतिन ने बहुत ही कड़े शब्दों में कहा कि, इस सशस्त्र विद्रोह पर हमारी प्रतिक्रिया कठोर होगी. निजी हितों के कारण देश के साथ विश्वासघात हुआ और हम अपने देश और अपने नागरिकों की रक्षा करेंगे.

Next Story