झारखंड

PM मोदी बोले- कांग्रेस की वजह से देश का पार्टी मैनिफेस्टो से भरोसा उठा, BJP खुद को मिटाकर लोगों के सपने पूरे करती है

Special Coverage News
12 Dec 2019 8:50 AM GMT
PM मोदी बोले- कांग्रेस की वजह से देश का पार्टी मैनिफेस्टो से भरोसा उठा, BJP खुद को मिटाकर लोगों के सपने पूरे करती है
x
भाजपा ने सिर्फ छह महीने में दिखाया है कि संकल्प चाहे कितने भी बड़े हों, कितने भी मुश्किल हों, उसे पूरा करने के लिए हम दिन-रात एक कर देते हैं।

पीएम नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को धनबाद में चुनावी रैली संबोधित की। यहां उन्होंने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस ने देश में हमेशा एक विचित्र राजनीतिक माहौल बनाया। इसकी वजह से देशवासियों का घोषणा पत्रों से ही भरोसा उठ गया। लोगों को लगने लगा था कि नेता चुनाव के दौरान घोषणाएं करते हैं और फिर भूल जाते हैं। देश के लोगों में ये भावना भरने वाली कांग्रेस के इरादों के कारण ये स्थिति पैदा हुई। कांग्रेस राजद, झामुमो, वामपंथियों ने हमेशा यही किया। लेकिन भाजपा ने सिर्फ छह महीने में दिखाया है कि संकल्प चाहे कितने भी बड़े हों, कितने भी मुश्किल हों, उसे पूरा करने के लिए हम दिन-रात एक कर देते हैं। हम चैन की नींद नहीं सोते। हर पल देशवासियों के सपनों को पूरा करने के लिए आपने आपको मिटाते रहते हैं।

मोदी ने कहा, "झारखंड समेत पूरे देश को भाजपा पर इतना विश्वास इसीलिए है, क्योंकि वह भाजपा ही है जो संकल्प लेने के बाद उसे पूरा करती है। जो वादा हम देश के लोगों से करते हैं उस पर पूरी ईमानदारी से अमल करते हैं।"

पाकिस्तान, बांग्लादेश, अफगानिस्तान में सबसे ज्यादा दलित प्रभावित हुए

मोदी ने कहा, "1947 में भारत के टुकड़े हो गए। भारत मां की भुजाएं काट दी गईं। 1971 में बांग्लादेश का निर्माण हुआ। दोनों बार सबसे अधिक प्रभावित वे हुए, जो पाकिस्तान, बांग्लादेश, अफगानिस्तान में अल्पसंख्यक थे। इनमें अधिकतर हिंदू, सिख, बौद्ध, जैन, ईसाई थे। हिंदुओं में भी अधिकतर दलित परिवारों के थे। जो विभाजन के बाद पाकिस्तान में रह गए थे। जिनको पाकिस्तान के जमींदारों ने सेवा के लिए रखा था। इनके साथ अमानवीय बर्ताव हुआ, उनके मंदिरों पर कब्जा किया, गुरुद्वारा हो या चर्च, वे सभी संकट में आ गए। झोपड़ियों में जिंदगी गुजारते थे, उन पर भी कब्जा कर लिया। बच्चियों के साथ अत्याचार हुआ।

कांग्रेस भी शरणार्थियों को नागरिकता देने के दावे से पलटी

लाखों साथी पाकिस्तान, बांग्लादेश से भारत में आए। दशकों से वे भारत में रह रहे हैं। उनको राजनीति के लिए उपयोग किया, लेकिन उन्हें नागरिकता के लिए सिर्फ वादे मिले। कांग्रेस के नेताओं ने चुनाव के पहले पुराने अखबारों में वादे किए कि हमारी सरकार बनेगी तो पाकिस्तान और बांग्लादेश से आए लोगों को नागरिकता देंगे। कल वे संसद में फिर पलट गए। जिस गरीबी, उपेक्षा की जिदंगी में ये हमारे भाई-बहन पाकिस्तान में थे, कांग्रेस ने यहां भी उनके साथ वैसा भी व्यवहार किया।

'मैं देश के सभी प्रधानमंत्रियों से ज्यादा पूर्वोत्तर गया'

देश के तमाम प्रधानमंत्री जितनी बार असम और पूर्वोत्तर गए होंगे, उतनी बार मैं अकेला गया हूं। पूर्वोत्तर समेत पूर्वी भारत को जिसे कांग्रेस ने अपने हाल पर छोड़ दिया था, उसे समृद्ध करने के लिए हम काम कर रहे हैं। मैं उनसे अपील करता हूं कि आप भाजपा और मोदी पर विश्वास कीजिए। आपके हक पर मैं कोई आंच नहीं आने दूंगा। उनके भविष्य को निखारने के लिए मैं खुद को तपा दूंगा। असम के नौजवान साथियों को भरोसा दिलाना चाहता हूं कि उन्हें चिंता करने की जरूरत नहीं है। उनके अधिकार, सांस्कृतिक विरासत को पूरी तरह से सुरक्षित किया जाएगा।

'भाजपा की डबल इंजन की सरकार को लेकर झारखंड में उत्साह'

मोदी ने आगे कहा, कुछ हफ्तों से मैंने झारखंड के अलग-अलग क्षेत्रों में दौरा किया है। वहां का माहौल जाना है। लोगों से बात की है। राजनीति के अनुभव के आधार पर कहता हूं- स्पष्ट है पूरे झारखंड में कमल के फूल को लेकर भाजपा की डबल इंजन की सरकार को लेकर असीम उत्साह है। पहले दो चरणों में भाजपा के पक्ष में अभूतपूर्व मतदान हुआ है। भाजपा कार्यकर्ताओं ने अच्छा काम किया है। स्थिर और मजबूत सरकार बनाने के लिए आपका प्रचंड समर्थन मिलेगा।

झारखंड विधानसभा चुनाव में मोदी की होगी चौथी सभा

इससे पहले मोदी ने 25 नवंबर को गुमला और डालटनगंज, 3 दिसंबर को खूंटी और जमशेदपुर में और 9 दिसंबर को बरही और बोकारो में चुनावी सभा कर चुके हैं। भाजपा के सूत्रों के अनुसार झारखंड विधानसभा चुनाव के दौरान प्रधानमंत्री कुल 6 दौरे करेंगे। मोदी 15 और 17 दिसंबर को संथाल परगना में चुनावी दौरा करेंगे। 18 दिसंबर को पांचवें और अंतिम चरण का चुनाव प्रचार समाप्त हो जाएगा।

चौथे चरण में 16 दिसंबर को 15 सीटों पर डाले जाएंगे वोट

झारखंड विधानसभा चुनाव के तहत चौथे चरण में 16 दिसंबर को 15 सीटों पर मतदान होंगे। इसमें मधुपुर, देवघर, बगोदर, जमुआ, गांडेय, गिरिडीह, डुमरी, बोकारो, चन्दनकियारी, सिन्दरी, निरसा, धनबाद, झरिया, टुंडी, बाघमारा विधानसभा सीट शामिल है।

Next Story