झारखंड

Jharkhand News : जादू-टोना के शक में किसान की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या

Sakshi
18 Feb 2022 2:12 PM GMT
Jharkhand News : जादू-टोना के शक में किसान की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या
x
गुमला में जिला मुख्यालय से करीब 20 किमी दूर गुमला थाना क्षेत्र के कोयनारा बड़का टोली गांव में जादू-टोना व डायन बिसाही का आरोप लगाते 50 वर्षीय किसान मंगरु खड़िया उर्फ मंगरु पहान की लाठी डंडों से पीटा फिर टगांड़ी से काटकर हत्या कर दी गई।

झारखंड से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है| झारखंड में एक बार फिर अंधविश्वास ने जान ले ली है। बता दें कि गुमला में जिला मुख्यालय से करीब 20 किमी दूर गुमला थाना क्षेत्र के कोयनारा बड़का टोली गांव में जादू-टोना व डायन बिसाही का आरोप लगाते 50 वर्षीय किसान मंगरु खड़िया उर्फ मंगरु पहान की लाठी डंडों से पीटा फिर टगांड़ी से काटकर हत्या कर दी गई। यह घटना गुरुवार रात की है। वारदात को गांव के छह लोगों ने अंजाम दिया।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार पहले मंगरु के साथ मारपीट की गई। फिर पत्थर से कूच दिया गया। इतने से भी मन नहीं भरा तो हत्यारों ने किसान के शरीर को टांगी से काट दिया। घटना के दौरान मौके पर मौजूद रही पत्नी शानियरो देवी, बेटी सुकर मुनि कुमारी व बहु कन्द्री देवी ने भाग कर अपनी जान बचाई।

वहीं दूसरी ओर पुलिस दावा कर रही है कि जमीन विवाद में वारदात को अंजाम दिया गया है। घटना की सूचना मंगरु के बेटे सुखराम खड़िया ने पुलिस अधीक्षक डॉ एहतेशाम वकारीब व थाना प्रभारी मनोज कुमार को दी।

पुलिस की टीम देर रात घटनास्थल पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। मृतक के परिजनों के बयान के आधार पर पुलिस ने वारदात में शामिल छह में से चार आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। फिलहाल इन लोगों को थाने में रखकर पूछताछ की जा रही है।

घटना के बारे में बेटे सुखराम खड़िया ने बताया कि उनके पिता मंगरु खड़िया घर पर मां, बहन और मेरी पत्नी के साथ रहते थे। गुरुवार की शाम वह अपने पशुओं को घर के अंदर बांध रहे थे। इसी दौरान शोर मचाने को लेकर गांव की जसमती देवी व सहदेव गोप की पत्नी ने परिवार के साथ विवाद शुरू कर दिया।

थोड़ी देर में इनके समर्थन में राजू रजक, सूरज गोप, सहदेव गोप, जेठू खड़िया, बुधु खड़िया, लीलावती देवी अपने हाथों में लाठी डंडा व टांगी लेकर आ गए। इन लोगों ने परिवार के लोगों पर जादू-टोना व डायन-बिसाही का आरोप लगाते हुए हमला कर दिया गया।

पिता को पहले लाठी-डंडों से पीटा। पत्थर से कूचा। इसके बार शरीर पर टांगी से हमला कर दिया। पीड़ित परिवार का दावा है कि मंगरु खड़िया पर 3 वर्ष पहले भी जानलेवा हमला किया गया था। पड़ोसी आरोप लगा रहे थे कि उनकी वजह से ही गांव के लोग बीमार पड़ रहे हैं।

पुलिस ने इस मामले में जसमती देवी, सूरज गोप, सहदेव गोप व बुधु खड़िया को हिरासत में लिया है। थाना प्रभारी मनोज कुमार ने कहा कि प्रथम दृष्टया जमीन विवाद में हत्या की बात सामने आई है। दूसरे सभी बिन्दुओं पर जांच की जा रही है। घटना में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नही जाएगा। पुलिस मामले के सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

Next Story