झारखंड

रांची में महिला सब इंस्पेक्टर की गाड़ी से कुचलकर हत्या

Satyapal Singh Kaushik
20 July 2022 5:45 AM GMT
रांची में महिला सब इंस्पेक्टर की गाड़ी से कुचलकर हत्या
x
रांची के तुपुदाना थाने में तैनात महिला दारोगा संध्या टोपनो के साथ वारदात को उस समय अंजाम दिया गया, जब वे अपराधियों का पीछा कर रही थीं।

झारखंड के रांची में एक महिला SI की गाड़ी से कुचलकर हत्या कर दी गई है। रांची के तुपुदाना थाने में तैनात महिला दारोगा संध्या टोपनो के साथ वारदात को उस समय अंजाम दिया गया, जब वे अपराधियों का पीछा कर रही थीं। रांची के एसएसपी ने इस घटना पर बयान जारी किया है। उन्होंने बताया, 'संध्या टोपनो नाम की एक महिला सब-इंस्पेक्टर की बीती रात वाहन चेकिंग के दौरान मौत हो गई। वह तुपुदाना ओपी के प्रभारी के पद पर तैनात थीं। आरोपी को गिरफ्तार कर वाहन सीज कर लिया गया है।

जानिए क्या है मामला

सिमडेगा पुलिस को सूचना मिली थी कि गौतस्कर सिमडेगा से पिकअप वैन में तस्करी के लिए पशुओं को ले जा रहे हैं। इसके बाद सिमडेगा के बसिया थाना पुलिस ने पिकअप वैन का पीछा किया। पशुओं से लदा पिकअप वैन लेकर चालक भागने लगा। इसकी सूचना खुंटी पुलिस को दी।

खूंटी पुलिस ने रात में नाका पर चैकिंग की लेकिन वैन चकमा देकर रांची की ओर निकल गई। इसके बाद सिमडेगा पुलिस ने सूचना रांची पुलिस को दी। रांची पुलिस ने खूंटी-रांची सीमा के तुपुदाना ओपी क्षेत्र के हुलहुन्दू के पास चैकिंग लगाई। इसी बीच करीब 3 बजे बड़ी तेजी से एक सफेद रंग का पिकअप वैन आते दिखा। चैकिंग पोस्ट पर सब-इंस्पेक्टर संध्या टोपनो दलबल के साथ थीं। उन्होंने गाड़ी को रुकने का इशारा किया लेकिन चालक ने गाड़ी महिला दरोगा के ऊपर चढ़ा दी और भागने लगा। दरोगा की मौके पर ही मौत हो गई। कुछ दूरी पर गश्ती दल ने आरोपी को दबोच लिया। बताया जाता है कि गाड़ी से कई तस्कर कूदकर भाग गए हैं। चालक पुलिस की गिरफ्त में है। अन्य की तलाश जारी है।

मंगलवार को हरियाणा में डीएसपी की हुई थी हत्या

ये पहली दफा नहीं है, इससे पहले मंगलवार को हरियाणा के नूंह में डीएसपी सुरेंद्र सिंह की खनन माफिया ने हत्या की थी, इसके बाद पुलिस महकमे में भूचाल आ गया था. पुलिस तुरंत ही सक्रिय हुई और एनकाउंटर में एक आरोपी को अरेस्ट भी कर लिया गया है. गोली लगने के बाद उसे पुलिस कस्टडी में अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है।

Satyapal Singh Kaushik

Satyapal Singh Kaushik

न्यूज लेखन, कंटेंट लेखन, स्क्रिप्ट और आर्टिकल लेखन में लंबा अनुभव है। दैनिक जागरण, अवधनामा, तरुणमित्र जैसे देश के कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों में लेख प्रकाशित होते रहते हैं। वर्तमान में Special Coverage News में बतौर कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं।

Next Story