नौकरी

Sarkari Naukri : जेल वार्डर सहित 3500 पदों पर जल्द होगी भर्ती, योगी सरकार का शासनादेश होगा जारी!

Arun Mishra
8 April 2023 5:30 AM GMT
Sarkari Naukri : जेल वार्डर सहित 3500 पदों पर जल्द होगी भर्ती, योगी सरकार का शासनादेश होगा जारी!
x
उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है।

Sarkari Naukri : उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। योगी सरकार कारागार प्रशासन एवं सुधार विभाग में खाली पदों को भरने की तैयारी कर रही है। इसे लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को कारागार प्रशासन एवं सुधार विभाग और गृह विभाग की उच्चस्तरीय बैठक में भर्ती का खाका तैयार करने के आदेश दिए हैं। ऐसे में जल्द ही इन पदों को भरने के लिए शासनादेश जारी किया जा सकता है। वर्तमान में कारागार प्रशासन एवं सुधार विभाग में कुल 3500 से अधिक पद खाली हैं। यह पद समूह 'क' से लेकर 'घ' तक के हैं।

बताया जा रहा है कि विभाग में जेल वार्डर के 7815 पदों की तुलना में 2068 पद रिक्त हैं. कारागार जैसे संवेदनशील स्थान पर सभी जगह जेल वार्डर की तैनाती बेहद जरूरी है।

शासन स्तर पर तैयार हो रहा रिक्त पदों का खाका

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक उच्च स्तरीय बैठक में गृह विभाग के साथ कारागार प्रशासन एवं सुधार विभाग की समीक्षा बैठक की। इस दौरान विभाग के अधिकारियों ने उन्हें जानकारी दी कि वर्तमान में विभाग में कुल 3504 पद खाली हैं। उन्होंने बताया कि विभाग में समूह 'क' के 156 पद स्वीकृत हैं, जिसमें से 107 पद रिक्त हैं। इसी तरह समूह 'ख' के 738 पद स्वीकृत हैं, जिसमें 326 पद खाली हैं। वहीं समूह 'ग' और 'घ' में क्रमश: 10543 और 682 पद स्वीकृत हैं, जिसमें से क्रमश: 2808 और 263 पद खाली हैं। ऐसे में कुल 12119 स्वीकृत पद के सापेक्ष वर्तमान में 8769 पद पर कर्मी तैनात हैं, जबकि शेष पद खाली हैं। इसी तरह जेल वार्डर के 7815 पदों के सापेक्ष 2068 पद खाली हैं, जिसके लिए विभाग की ओर से उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड को पत्र लिखा गया है। इन पदों पर भर्ती प्रक्रिया मई में शुरू हो सकती है।

Next Story