भोपाल

दिग्विजय को मिला कमलनाथ का साथ, पुलिस के व्यवहार की निंदा

अरुण दीक्षित
14 July 2021 5:58 AM GMT
दिग्विजय को मिला कमलनाथ का साथ, पुलिस के व्यवहार की निंदा
x
बाद में पुलिस ने राज्यसभा सदस्य दिग्विजय के साथ 8 कॉंग्रेसी नेताओं पर मुकदमा भी दर्ज किया था।

भोपाल।कमलनाथ एक बार फिर अपने मित्र दिग्विजय के साथ खड़े हो गए हैं।उन्होंने भोपाल पुलिस द्वारा दिग्विजय पर पानी की बौछार किये जाने की निंदा की है।साथ ही मुख्यमंत्री शिवराज सिंह से कहा है कि वे संघ के सहयोगी संगठन को दी गयी जमीन का आवंटन रद्द करें।कमलनाथ ने इस संबंध में शिवराज को पत्र लिखकर अपनी अप्रसन्नता जताई है।

उल्लेखनीय है कि 74 साल के दिग्विजय सिंह ने दो दिन पहले भोपाल के गोविंदपुरा औद्योगिक क्षेत्र में पार्क की जमीन लघु उद्योग भारती को दिए जाने का विरोध करते हुए प्रदर्शन किया था।

प्रदर्शन के दौरान उनकी पुलिस अधिकारियों से बहस भी हुई थी।भोपाल के डीआईजी ने पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह को डंडा भी दिखाया था।इस पर भी जब दिग्विजय ने बैरिकेड पर चढ़ने की कोशिश की तो फिर उन पर वाटर कैनन का प्रयोग किया गया था।इससे दिग्विजय को हल्की चोट भी आई थी।

बाद में पुलिस ने राज्यसभा सदस्य दिग्विजय के साथ 8 कॉंग्रेसी नेताओं पर मुकदमा भी दर्ज किया था।

भोपाल से लोकसभा चुनाव लड़ चुके दिग्विजय गोविंदपुरा औद्योगिक क्षेत्र में पार्क की जमीन लघु उद्योग भारती को दिए जाने का विरोध कर रहे स्थानीय लोगों का साथ दे रहे हैं।दिग्विजय का आरोप है कि सरकार ने गलत ढंग से पार्क की जमीन संघ से जुड़ी संस्था को आवंटित की है।इसे तत्काल रद्द किया जाना चाहिए।

पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने दिग्विजय के साथ हुये व्यवहार की निंदा की है।उन्होंने शिवराज को लिखे पत्र में कहा है कि सरकार ने गलत ढंग भूमि आवंटन किया है।उसने पार्क की जमीन मात्र एक रुपये में 30 साल की लीज पर दी है।सरकार ने पहले भी इस तरह के अवैध आवंटन किये थे जिन्हें अदालत ने निरस्त किया है।

कमलनाथ ने लिखा है कि सरकार के जनविरोधी फैसलों का कांग्रेस विरोध करती रहेगी।सरकार को इस आवंटन को तत्काल रद्द कर देना चाहिये।पार्क को पार्क ही रहने देना चाहिए।

74 साल के दिग्विजय को 75 साल के कमलनाथ का समर्थन राजनीतिक क्षेत्रो में चर्चा का विषय बना हुआ है।कांग्रेसी यह मान रहे हैं कि कमलनाथ अब तेजी से सक्रिय होंगे।दिल्ली में चल रही असमंजस की स्थिति को अनदेखा करते हुए वे अब नए सिरे से रणनीति बना रहे हैं।भले ही यह बात उठती रही है कि उनकी सरकार दिग्विजय सिंह की बजह से गयी लेकिन कमलनाथ दिग्विजय का साथ नही छोड़ेंगे।

यह भी कहा जा रहा है कि दिग्विजय का यह प्रदर्शन भाजपा के उन आरोपों का जवाब था जिनमें यह कहा जा रहा है कि कांग्रेस सिर्फ ट्वीटर और व्हाट्सएप पर ही बची है।मैदान से गायब हो गयी है।

उल्लेखनीय है कि राज्य में आने वाले दिनों में 3 विधानसभा और एक लोकसभा सीट के लिए उपचुनाव होना है।कमलनाथ और दिग्विजय इसी के लिए एकजुट हुए हैं।ताकि उनकी उम्र पर सवाल उठाने वाले पार्टी जनों का मुंह बंद किया जा सके।

Next Story