मध्यप्रदेश

नेहरू की प्रतिमा पर भगवा समर्थकों का हमला, कांग्रेस ने शिवराज सरकार को दी चेतावनी

Sakshi
26 May 2022 9:57 AM GMT
नेहरू की प्रतिमा पर भगवा समर्थकों का हमला, कांग्रेस ने शिवराज सरकार को दी चेतावनी
x
सतना जिला कलेक्ट्रेट के पास धवारी चौराहे में स्थापित पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू की प्रतिमा को खंडित करने का प्रयास किया गया।

मध्य प्रदेश के सतना जिले के चौराहों में लगी महापुरुषों की प्रतिमाओं को खंडित करने का सिलसिला जारी है। सतना के सेमरिया चौराहे के पास लगी समाज सुधार आंदोलन के प्रणेता महात्मा ज्योतिबा फुले की प्रतिमा को कुछ माह पहले खंडित कर दिया गया था। अब सतना जिला कलेक्ट्रेट के पास धवारी चौराहे में स्थापित पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू की प्रतिमा को खंडित करने का प्रयास किया गया। नेहरू की प्रतिमा को खंडित करने का आरोप भगवा समर्थकों पर लगा है। कांग्रेस ने इसे अपमान और सौहार्द बिगाड़ने वाला करार दिया है।

घटना के बाद से लोगों में जबरदस्त आक्रोश है। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने वायरल वीडियो ट्वीटर पर साझा करते हुए इस घटना की निंदा की है।

पूर्व सीएम कमलनाथ ने अपने ट्विट में लिखा है कि यह वीडियो मध्य प्रदेश के सतना जिले का है। सतना में देश के पूर्व प्रधानमंत्री स्व. जवाहरलाल नेहरू जी की प्रतिमा को कुछ असामाजिक तत्व क्षतिग्रस्त कर रहे हैं। यह घटना बेहद निंदनीय है।

नेहरू की प्रतिमा पर हमले केबाद स्थानीय कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने मामले की शिकायत सिटी कोतवाली में दर्ज करवाई है। कांग्रेस ने इस मामले को लेकर भारतीय जनता पार्टी ( BJP ) के कार्यकर्ताओं पर आरोप लगाया है। कांग्रेस समर्थकों का कहना है कि पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने भी सामने आए वीडियो को संज्ञान में ले लिया है। वीडियो की जांच कराई जा रही है और उसमें नजर आ रहे लोगों को चिन्हित करने की कोशिश की जा रही है।

Next Story