मध्यप्रदेश

400 फीट गहरे बोरवेल में 38 घंटे से फंसा 6 साल का मासूम: टीम ने 42 फीट गड्ढा खोदा; रातभर से जारी है रेस्क्यू...

Arun Mishra
8 Dec 2022 4:50 AM GMT
400 फीट गहरे बोरवेल में 38 घंटे से फंसा 6 साल का मासूम: टीम ने 42 फीट गड्ढा खोदा; रातभर से जारी है रेस्क्यू...
x
ADM श्यामेंद्र जायसवाल ने बताया कि बोर के समानांतर 42.5 फीट तक खुदाई की जा चुकी है। खुदाई 45 फीट तक करेंगे।

मध्यप्रदेश के बैतूल में बोरवेल में गिरे 6 साल के बच्चे को 38 घंटे बाद भी निकाला नहीं जा सका। बोर 400 फीट गहरा है। बच्चे को निकालने के लिए बोर के समानांतर गड्‌ढा खोदा जा रहा है, लेकिन लगातार पानी आने की वजह से गड्‌ढे की गहराई ज्यादा नहीं बढ़ाई जा सकी है। जमीन पथरीली होने के कारण खुदाई भी तेजी से नहीं हो पा रही है।

ADM श्यामेंद्र जायसवाल ने बताया कि बोर के समानांतर 42.5 फीट तक खुदाई की जा चुकी है। खुदाई 45 फीट तक करेंगे। इसके बाद बोर तक सुरंग बनाई जाएगी। बालक बोरवेल में 38 फीट नीचे फंसा है। SP और कलेक्टर रात को रेस्क्यू स्थल से बैतूल लौट गए थे। वे आज फिर घटनास्थल मांडवी गांव पहुंचेंगे। हरदा, होशंगाबाद और बैतूल SDERF, NDRF के 125 से ज्यादा जवान रेस्क्यू में जुटे हैं। जायसवाल ने बताया कि मासूम तन्मय को कब तक निकाला जा सकेगा, इसका कोई अंदाजा नहीं है। मासूम के मां-बाप उसकी सलामती के लिए घर में पूजा-प्रार्थना कर रहे हैं। बच्चे के स्कूल के साथी भी उसकी सलामती की दुआ कर रहे हैं।

रातभर हुई खुदाई में काफी मलबा इकट्‌ठा हो गया है। इसे हटाया जा रहा है, इसके बाद एक बार फिर NDRF सुरंग बनाने का काम शुरू करेगी।

ADM शायमेंद्र जायसवाल ने बताया कि गड्ढे में बार-बार पानी भर जाने की वजह काम प्रभावित हो रहा है। कड़े पत्थर और चट्‌टानों की वजह से भी खुदाई में उतनी तेजी नहीं आ पा रही है। होमगार्ड कमांडेंट एसआर अजमी ने बताया कि बच्चे तक पहुंचने के लिए 7 से 8 फीट सीधी सुरंग बनाई जाएगी। टनल बन जाने के बाद बच्चे को पैरों की तरफ से निकाला जाएगा। NDRF की टीम रेस्क्यू ऑपरेशन ऑपरेट कर रही है। ब्लास्टिंग एक्सपर्ट से टनल बनाने पर चर्चा हुई है।

ADM ने कहा- खेत मालिक पर होगी FIR

ADM श्यामेंद्र जायसवाल ने बताया कि बच्चे को सकुशल बाहर निकालना प्राथमिकता है। इसके बाद खेत मालिक के खिलाफ FIR दर्ज करवाई जाएगी। SDRF और NDRF की टीम लगातार बच्चे तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। खोदे जा रहे गड्‌ढे में बहुत ही हार्ड पत्थर आ रहे हैं, इसलिए उन्हें हटाने में परेशानी आ रही है। बच्चे ने मंगलवार शाम से कोई रिस्पॉन्स नहीं किया है।

पूरे मामले की खुद मॉनिटरिंग कर रहे CM शिवराज ने कहा- प्रशासन को सभी जरूरी आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं। बुधवार को अधिकारियों ने CM को बताया कि NDRF-SDERF की टीम लगातार काम में जुटी है।

तन्मय की सलामती के लिए दुआओं का दौर

तन्मय की सलामती के लिए दुआओं का दौर भी चल रहा है। पूरे गांव मे लोग पूजा-अर्चना कर उसकी सलामती की प्रार्थना कर रहे हैं। तन्मय के साथ पढ़ने वाले स्टूडेंट्स ने मांडवी के गायत्री मंदिर में गायत्री मंत्र का जाप किया।

Next Story