मध्यप्रदेश

गरीब मुस्लिम लड़कों को पैसे देकर फिंकवाते है पत्थर, दिग्विजय सिंह ने BJP पर लगाए आरोप

Sakshi
27 April 2022 8:23 AM GMT
गरीब मुस्लिम लड़कों को पैसे देकर फिंकवाते है पत्थर, दिग्विजय सिंह ने BJP पर लगाए आरोप
x
दिग्विजय सिंह ने कहा कि BJP के लोग कुछ गरीब मुसलमान लड़कों को पैसा देकर खुद ही पत्थर फिंकवाते हैं।

मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने एक बार फिर बीजेपी पर हिंसा करवाने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। दिग्विजय सिंह ने कहा कि BJP के लोग कुछ गरीब मुसलमान लड़कों को पैसा देकर खुद ही पत्थर फिंकवाते हैं। हालांकि, दिग्विजय सिंह ने यह भी साफ किया कि उन्हें ऐसी शिकायतें मिल रही हैं। इन तथ्यों की जांच उन्होंने नहीं कराई है। जल्द ही जांच भी करवाएंगे।

दिग्विजय सिंह दो दिवसीय नीमच दौरे पर थे, जहां उन्होंने यह बयान दिया है। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह सोमवार रात नीमच जिले की जावद विधानसभा के ग्राम मोड़ी पहुंचे थे। उन्होंने एक दलित कार्यकर्ता के घर रात्रि विश्राम किया। मंगलवार सुबह जनजागरण रैली में शामिल हुए। इस दौरान मोड़ी माता के दर्शन भी किए। कार्यक्रम के बाद दिग्विजय सिंह ने पत्रकारों से चर्चा की और बीजेपी पर गंभीर आरोप लगाए।

बता दें कि इससे पहले भी दिग्विजय सिंह खरगोन हिंसा को लेकर भाजपा पर कई गंभीर आरोप लगा चुके हैं। कुछ दिनों पहले ही उन्होंने एक ट्वीट कर बीजेपी पर साम्प्रदायिक उन्माद फैलाने का आरोप लगाया था। बता दें कि दिग्विजय सिंह ने सोशल मीडिया पर लिखा था कि 'भाजपा यह जानती है कि बिना पत्थर उछाले कुर्सी नहीं मिलती है। इस वजह से हथियार के रूप में कभी जज़्बात को तो कभी जान को हथियार बनाती है। साम्प्रदायिक उन्माद भाजपा का सबसे खतरनाक राजनीतिक हथियार है। जिस जिले में दंगा होगा उसकी पूरी जवाबदेही जिला कलेक्टर व एसपी की होगी, यदि यह संदेश मुख्यमंत्री दे दें तो कभी दंगा नहीं हो सकता। मेरे 10 वर्ष के कार्यकाल में एक भी सांप्रदायिक दंगा नहीं हुआ।' वहीं,खरगोन हिंसा को लेकर उनके गलत फोटो पोस्ट करने को लेकर बीजेपी ने उन पर एफआईआर दर्ज कराई है।

गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने दिग्विजय सिंह के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि दिग्विजय सिंह को क्या हो गया है, समझ नहीं आ रहा है। पहले तुष्टिकरण की राजनीति के लिए एक कौम को खुश करने के लिए पुलिस पर सवाल उठाए, न्यायपालिका पर सवाल उठाए और अब उस कौम को ही बिकाऊ बता दिया कि पैसे लेकर पत्थर फेंकते हैं।

साथ ही नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि आपने एक बात तो स्पष्ट कर दी कि पत्थर कहां से आए थे और किसने फेंके थे। आपके पास क्या सबूत है कि उस कौम ने पैसे लेकर पत्थर फेंके। किसी व्यक्ति के बारे में ऐसा कहते तो इतनी पीढ़ा नहीं होती, लेकिन एक कौम को बदनाम करने का काम आपने किया है। वह भी इस पवित्र माह में अच्छा नहीं किया।

Next Story