मध्यप्रदेश

बच्ची को हुआ सर्दी-जुकाम तो परिवार ने किया दर्दनाक इलाज, गर्म चूड़ी से जगह-जगह दागा

Sakshi
21 Feb 2022 8:51 AM GMT
बच्ची को हुआ सर्दी-जुकाम तो परिवार ने किया दर्दनाक इलाज, गर्म चूड़ी से जगह-जगह दागा
x
दो साल की बच्ची को सर्दी-जुकाम और पेट दर्द हुआ तो परिजन ने गर्म चूड़ी से सीने व पेट पर जगह-जगह दाग दिया।

मध्य प्रदेश के छतरपुर से हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है| दो साल की बच्ची को सर्दी-जुकाम और पेट दर्द हुआ तो परिजन ने गर्म चूड़ी से सीने व पेट पर जगह-जगह दाग दिया। परिजन घर पर ही दो दिन तक नीम-हकीम बने रहे। मासूम की हालत ज्यादा बिगड़ गई, तो उसे जिला अस्पताल लेकर आए। बच्ची को भर्ती करना पड़ा है। दागे जाने से हुए घाव में पस आ गया है। मामला जिले के गढ़ीमलहरा थाना इलाके के कुर्राहा गांव का है।

दो साल की चांदनी को घरवाले रविवार को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टर ने जब बच्ची को चेक किया तो उसके पेट और सीने पर दागे जाने के निशान मिले। पूछने पर परिजनों ने बताया कि बच्ची को पेट दर्द था, इसलिए उन्होंने चूड़ी गर्म कर बच्ची को दागा है।

चांदनी के पिता रामनाथ ने कहा कि बेटी को सर्दी और पेट दर्द है। लोकल डॉक्टर को दिखाया, पर आराम नहीं मिला। बड़े लोगों के कहने पर चूड़ी को दीपक पर गर्म करके बच्ची को दागा है। पुराने लोग कहते थे कि ऐसा करने से सर्दी चली जाती है।

डॉ. अरुणेंद्र कौशल ने कहा कि यह तरीका किसी भी बीमारी का इलाज नहीं है। बच्ची के घाव में पस पड़ गया है। उन्होंने पुलिस को भी इसकी जानकारी दी है। अगर किसी को बीमारी होती है तो अच्छे डॉक्टर को दिखाएं।

Next Story