Archived

विराट के आउट होने पर, फैन ने खुद को लगाई आग

Alok Mishra
9 Jan 2018 11:58 AM IST
विराट के आउट होने पर, फैन ने खुद को लगाई आग
x
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ विराट कोहली के सस्ते में आउट होने से आहत होकर मध्य प्रदेश के रतलाम में रिटायर्ड रेलकर्मी ने खुद को आग लगा ली.
मध्य प्रदेश : दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ विराट कोहली के सस्ते में आउट होने से आहत होकर मध्य प्रदेश के रतलाम में रिटायर्ड रेलकर्मी ने खुद को आग लगा ली. विराट कोहली के इस फैन को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
जानकारी के अनुसार, आंबेडकर नगर निवासी बाबूलाल बैरवा शुक्रवार रात को भारत-दक्षिण अफ्रीका के बीच चल रहा पहला टेस्ट मैच टीवी पर देख रहे थे. खेल के अंतिम क्षणों में विराट कोहली सिर्फ पांच रन बनाकर आउट हो गए.
कोहली के आउट होने से बाबूलाल बैरवा इतने आहत हो गए कि उन्होंने खुद पर केरोसिन डालकर आग लगा ली. चीख पुकार सुनकर पत्नी और अन्य परिजनों ने पड़ोसियों की मदद से आग बुझाई.
पुलिस को दिए बयान में उसने विराट कोहली के आउट होने के बाद खुद को आग लगाने की बात कही है.
विराट कोहली के इस फैन को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है. डॉक्टरों ने बताया कि बैरवा का सिर, चेहरा और हाथ का कुछ हिस्सा झुलस गया है. उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है.
बताया जा रहा है कि बाबूलाल बैरवा 2015 में डीजल शेड से ग्रेड वन मैकेनिक के पद से रिटायर हुए थे और शराब पीने के आदी हैं. स्टेशन रोड पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
साल की शुरुआत में पहली बार विराट कोहली फ्लॉप
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले टेस्ट की पहली पारी में विराट कोहली पांच रन बनाकर आउट हो गए. पिछले पांच साल में विराट कोहली की साल में सबसे ख़राब शुरुआत है. इसके पहले वह साल की शुरुआत तीन शतक जमाकर कर चुके हैं और उनका न्यूनतम स्कोर 91 रन था.
दक्षिण अफ्रीका की धरती पर इतिहास रचने के इरादे से पहुंचे टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली के लिए नए साल की शुरुआत कम से कम बल्ले से शानदार नहीं रही. मोर्ने मॉर्केल ने अपनी पहली ही गेंद पर विराट कोहली को विकेटकीपर डी कॉक के हाथों कैच करवा कर टीम इंडिया को करारा झटका दिया.
टीम इंडिया को अपने कप्तान से एक बड़ी पारी की उम्मीद थी, लेकिन वह सिर्फ पांच रन बनाकर पवेलियन लौट गए. 2014 से कैलेंडर ईयर की शुरुआत धमाकेदार अंदाज़ में करने वाले कोहली का पिछले पांच साल में यह सबसे ख़राब आगाज़ साबित हुआ है.
Next Story