Archived

महाराष्ट्र: गढ़चिरौली में पुलिस मुठभेड़ में नक्सली नेता साईनाथ समेत 16 नक्सली ढेर

Arun Mishra
23 April 2018 8:08 AM IST
महाराष्ट्र: गढ़चिरौली में पुलिस मुठभेड़ में नक्सली नेता साईनाथ समेत 16 नक्सली ढेर
x
पुलिस की इस कार्रवाई में नक्सली नेता साईनाथ और सिनू भी मारे गए हैं। महाराष्ट्र का गढ़चिरौली नक्सल प्रभावित जिला है।
नई दिल्ली : महाराष्ट्र में नक्सल विरोधी अभियान को बड़ी कामयाबी मिली है। गढ़चिरौली जिले के एटापल्ली के बोरिया इलाके में हुई मुठभेड़ में पुलिस ने 16 नक्सिलयों को मार गिराने का दावा किया है। पुलिस की इस कार्रवाई में नक्सली नेता साईनाथ और सिनू भी मारे गए हैं। महाराष्ट्र का गढ़चिरौली नक्सल प्रभावित जिला है।
इससे पहले तीन अप्रैल को भी पुलिस ने एनकाउंटर में तीन नक्सलियों को मार गिराया था, जिसमें दो महिलाएं भी शामिल थी। भारत की आंतरिक सुरक्षा के लिहाज से नक्सली अभी भी सबसे बड़ी चुनौती माने जाते हैं।
आदिवासी और जंगली इलाकों में विकास कार्यों की राह में नक्सली सबसे बड़ी बाधा रहे हैं। यही वजह है कि देश के नक्सल प्रभावित इलाकों में सुरक्षा बलों का संयुक्त ऑपरेशन चलाया जा रहा है। नक्सल विरोधी अभियान की वजह से देश में नक्सली हिंसा में कमी आई है।
हाल ही में गृह मंत्रालय ने 44 जिलों को नक्सल प्रभावित जिलों की सूची से बाहर कर दिया है। इसमें बिहार और ओडिशा के छह जिले, आंध्र प्रदेश और छत्तीसगढ़ के तीन-तीन जिले और बंगाल के चार जिले शामिल हैं।


महाराष्ट्र के एक जिला को भी नक्सल प्रभावित इलाके की सूची से बाहर किया गया है। सबसे ज्यादा तेलंगाना के 19 जिलों को नक्सल हिंसा से प्रभावित इलाकों की सूची से बाहर किया गया है।
गृह मंत्रालय ने हाल ही में राज्य के अहेरी को नक्सल हिंसा से प्रभावित इलाकों की सूची से बाहर कर दिया है।
Next Story