Archived

महाराष्ट्र: अंडर कंस्ट्रक्शन टनल की क्रेन पलटने से हादसा, 9 मजदूरों की दर्दनाक मौत

Vikas Kumar
21 Nov 2017 11:36 AM IST
महाराष्ट्र: अंडर कंस्ट्रक्शन टनल की क्रेन पलटने से हादसा, 9 मजदूरों की दर्दनाक मौत
x
महाराष्ट्र में अंडर कंस्ट्रक्शन टनल की क्रेन पलटने से बड़ा हादसा हो गया। इस हादसे में 9 मजदूरों की दर्दनाक मौत हो गई है। वहीं, कई लोग जख्मी हो गए...

पुणे : महाराष्ट्र में अंडर कंस्ट्रक्शन टनल की क्रेन पलटने से बड़ा हादसा हो गया। इस हादसे में 9 मजदूरों की दर्दनाक मौत हो गई है। वहीं, कई लोगों के जख्मी होने की खबर है।

खबर के मुताबिक भिगवण तहसील के अकोले गांव में सोमवार देर शाम को नीरा भीमा रिवर लिंकिंग प्रोजेक्ट के तहत बन रहे टनल की एक क्रेन के पलटने से हादसा हो गया। इस हादसे में 9 मजदूर की मौत हो गई।

पुणे से अकोले गांव की दूरी 150 किमी है। यह सोलापुर -पुणे बॉर्डर पर है। पुणे ग्रामीण पुलिस के अनुसार, दुर्घटना सोमवार शाम करीब 6 बजे हुई है। बताया जा रहा है ये हादसा उस वक्त हुआ जब सभी मजदूर रोप-वे के सहारे नीचे उतर रहे थे। इसी दौरान क्रेन पलट गई और रोप-वे के वायर टूटने से इस पर बंधी ट्रॉली नीचे गिर पड़ी।

नीचे गिरे मजदूरों पर पहले बॉक्स गिरा। इसके बाद कंक्रीट मिक्सर भी उनके ऊपर गिर पड़ा। मौके पर ही सभी मजदूरों की मौत हो गई। जल संसाधन मंत्री विजय शिवटेरे, पुलिस के कई आलाधिकारी और राहत टीम पुणे से घटनास्थल पर पहुंचे। मृतकों के परिजनों को 2 लाख का मुआवजा देने का ऐलान किया है।

बता दें कि इस टनल का काम पिछले छह महीनों से चल रहा है। इस टनल को बनाने में 300 मजदूर काम कर रहे थे। बताया जा रहा है हादसे का शिकार हुए ज्यादातर मजदूर उड़ीसा के रहने वाले है। फिलहाल सभी मजदूरों की पहचान अभी नहीं हो सकी है।

Next Story