मुम्बई

मुंबई में बड़ा हादसा, इमारत गिरने से 7 लोग घायल, 3 की मौत

सुजीत गुप्ता
23 July 2021 5:11 AM GMT
मुंबई में बड़ा हादसा, इमारत गिरने से 7 लोग घायल, 3 की मौत
x

महाराष्ट्र में राजधानी मुंबई के अलावा सांगली, अकोला, अमरावती, नागपुर, कोल्हापुर समेत कई जिलों में भारी बारिश से बाढ़ के हालात पैदा हो गए हैं। राज्य की कई नदियां भी उफान पर हैं। स्थानीय प्रशासन की टीमों के अलावा वायुसेना व एनडीआरएफ की टीमों को भी राहत व बचाव के लिए उतारा गया है। वहीं भारी बारिश के कारण कई रूटों पर ट्रेन सेवा बाधित हो गई है।

भारी बारिश की वजह से बेहाल महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में बड़ा हादसा हुआ है। मुंबई के गोवंदी इलाके में एक इमारत के ढहने से तीन लोगों की मौत हो गई है। इमारत गिरने की इस घटना में सात लोग घायल भी हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। दरअसल, मुंबई में गुरुवार को रुक-रुककर भारी बारिश हुई, जिसकी वजह से सड़कों से लेकर रेल पटरियों पर पानी भर आया है, जिसकी वजह से रेल एवं सड़क यातायात प्रभावित हो गया।

भारत मौसम विज्ञान विभाग ने बुधवार को मुंबई के लिए 'रेड अलर्ट जारी किया था, वहीं आज ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा, महाराष्ट्र के रायगढ़ में चार जगहों पर लैंडस्लाइड हुई है, जिसमें पांच लोगों की मौत हो गई है, वहीं 30 लोग लापता बताए जा रहे हैं।

वहीं, पीएम नरेंद्र मोदी ने राज्य के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे से फोन पर चर्चा कर हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया। ठाकरे से चर्चा के बाद मोदी ने ट्वीट किया, 'महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री श्री उद्धव ठाकरे से बात की और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में भारी बारिश और बाढ़ की स्थिति पर चर्चा की। हालात को सुधारने के लिए केंद्र से हर संभव सहायता आश्वासन दिया। सभी की सुरक्षा और सलामती के लिए प्रार्थना करता हूं।'

Next Story