
Archived
CBI छापे की टाइमिंग पर शत्रुघ्न सिन्हा ने उठाए सवाल, मोदी सरकार पर साधा निशाना
Special News Coverage
16 Dec 2015 11:30 AM IST

नई दिल्ली : भाजपा सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने दिल्ली सरकार के प्रधान सचिव राजेन्द्र कुमार के दफ्तर पर सीबीआई छापे की टाइमिंग को लेकर सवाल उठाए हैं। हालांकि सिन्हा ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर सीएम अरविंद केजरीवाल की ओर से किए गए हमले पर नाराजगी व्यक्त की है।
ट्वीट में उन्होंने कहा है कि मैं आश्चर्य में हूं किसने ऐसी कार्रवाई करने की सलाह दी थी जबकि संसद का सत्र चल रहा है। मुख्यमंत्री सिर्फ जन नेता ही नहीं होता है, लोग उसे पसंद भी करते हैं।
शत्रुघ्न सिन्हा ने लिखा कि राजनीति में टाइमिंग सबसे महत्वपूर्ण होती है। यह सही समय नहीं था। शत्रुघ्न ने ट्वीट किया, 'मैं प्रार्थना करता हूं कि हमारे लिए यह कदम उल्टा न पड़ जाए। सिन्हा ने कहा कि उम्मीद करता हूं कि ऐसे लोगों को सद्बुद्धी मिले जिन्होंने नेतृत्व के सामने विकट स्थिति पैदा कर दी है।
उन्होंने आगे लिखा कि, दिल्ली के सीएम ने हमारे डैशिंग, डायनेमिक और एक्शन हीरो, हमारे प्रधानमंत्री के खिलाफ जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया उसका मैं समर्थन नहीं करता हूं। लेकिन इस मामले की तह में जाने की जरूरत है कि कैसे, क्यों और किसने इसे शुरु किया।
गौरतलब है कि मंगलवार को सीबीआई ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के प्रधान सचिव राजेंद्र कुमार के दफ्तर पर छापा मारा था। इसके बाद से ही दिल्ली और केंद्र सरकार के बीच तनातनी जारी है। दिल्ली सरकार और केजरीवाल ने छापे को लेकर पीएम मोदी पर निशाना साधा। उन्होंने पीएम मोदी को कायर और मनोरोगी तक कह डाला।

Next Story