
Archived
हिन्दुओं की ठेकेदार पार्टी ने बनाया हिन्दू धर्म का मजाक - सीपी राय सपा नेता
Special News Coverage
15 April 2016 1:35 PM IST

लखनऊ
यूपी भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्या के स्वागत की तैयारी में जारी हुए एक पोस्टर ने विवाद को जन्म दे दिया है। इस पोस्टर में केशव को कृष्ण की संज्ञा दी गई है। यही नहीं, यूपी को एक महिला (द्रौपदी) के रूप में दिखाया गया। मायावती, राहुल गांधी, अखिलेश यादव, आजम खां और ओवैसी को इस पोस्टर में कौरवों की तरह 'यूपी' चीरहरण करते दिखाया गया है।
उत्तर प्रदेश भाजपा में चापलूसी की इंतेहा करने वाले नेता का नाम रूपेश पांडे है। इस पोस्टर के सामने आने के बाद विपक्ष ने भाजपा पर जमकर निशाना साधा है।
एसपी नेता सीपी राय ने बीजेपी पर हमला करते हुए कहा कि जो पार्टी हिंदुओं के ठेकेदार होने का दावा करती है, धर्म का उसने जितना मजाक बनाया है, वह निंदनीय और घटिया काम है। पार्टी राम को बेच रही थी और अब द्रौपदी के नाम पर यूपी की जनता के साथ मजाक कर रही है।
भाजपा नेता आईपी सिंह ने पोस्टर को गलत माना और कार्यकर्ताओं को ऐसा करने से बचने की हिदायत दी लेकिन साथ ही कहा कि रुपेश पांडे एक पत्रकार भी हैं और उन्होंने एक पत्रकार के नाते ऐसा कहा होगा। सिंह ने आगे ये भी जोड़ा कि यूपी के जिस तरह के हालात हैं वह द्रौपदी से कमतर नहीं हैं।
Next Story