राष्ट्रीय

Bharat Bandh LIVE: किसानों का 'भारत बंद' आज, बंगाल, ओडिशा व महाराष्ट्र में रोकी गईं ट्रेनें

Arun Mishra
8 Dec 2020 4:02 AM GMT
Bharat Bandh LIVE: किसानों का भारत बंद आज, बंगाल, ओडिशा व महाराष्ट्र में रोकी गईं ट्रेनें
x
पूरे देश में आज सुबह 11 बजे से लेकर शाम 3 बजे तक 'भारत बंद' बुलाया गया है

नई दिल्ली : केंद्र के नए कृषि कानूनों के खिलाफ दिल्ली में हजारों किसान पिछले 12 दिनों से आंदोलन कर रहे हैं। किसानों ने कानून के खिलाफ आज यानी मंगलवार (8 दिसंबर) को एक दिन के लिए 'भारत बंद' का ऐलान किया है। पूरे देश में आज सुबह 11 बजे से लेकर शाम 3 बजे तक 'भारत बंद' बुलाया गया है। हालांकि, इसका असर अभी से ही देश के अलग-अलग हिस्सों में दिखने लगा है।

किसानों के इस भारत बंद को कांग्रेस, आम आदमी पार्टी, सपा समेत देश की 18 राजनीतिक पार्टियों ने भी अपना समर्थन दिया है। भारत बंद के दौरान परिवहन सेवा से लेकर फल-सब्जी की आपूर्ति प्रभावित हो सकती है। केंद्र सरकार और किसानों के प्रतिनिधियों के बीच पांच दौर की वार्ता हो चुकी है, मगर अब तक कोई हल नहीं निकल सका है। किसानों ने चेतावनी दी है कि अगर उनकी मांगें नहीं मांगी गईं, तो वे अपना विरोध प्रदर्शन तेज करेंगे और राष्ट्रीय राजधानी पहुंचने वाले मार्गों को बंद कर देंगे। सरकार और प्रदर्शन कर रहे किसान संगठनों के बीच अब तक की वार्ता विफल रही है और इसकी छठे दौर की वार्ता बुधवार (9 दिसंबर) को होनी है।

दिल्ली के कई रास्ते बंद

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने जानकारी दी है कि टिकरी, झारोदा बॉर्डर, धनसा बंद रहेंगे। वहीं बदुसराय सीमा केवल हल्के मोटर वाहनों जैसे कारों और दोपहिया वाहनों के लिए खुली है। इसके अलावा झटीकरा सीमा केवल दोपहिया यातायात के लिए खुली है। ट्रैफिक पुलिस ने बताया कि हरियाणा के लिए दौराला, कपासेरा, राजोखरी NH 8, बिजवासन / बजघेरा, पालम विहार और डूंडाहेड़ा सीमाएं खुली हैं।

ओडिशा में अभी से ही दिखने लगा भारत बंद का असर

ओडिशा में अभी से ही भारत बंद का असर दिखने लगा है। लेफ्ट पार्टियां, ट्रेड यूनियन और किसान यूनियनों ने भुवनेश्वर रेलवे स्टेशन पर ट्रेनें रोकीं। बता दें कि आज किसानों ने भारत बंद बुलाया है।

आंध्र प्रदेश में भी सड़क पर उतरे लोग

आंध्र प्रदेश: किसानों के भारत बंद के समर्थन में सड़क पर उतरे लेफ्ट पार्टियों के सदस्य।

उस्मानिया विश्वविद्यालय ने परीक्षाएं स्थगित कीं

उस्मानिया विश्वविद्यालय ने आज होने वाली सभी परीक्षाएं स्थगित कीं। नौ दिसंबर को होने वालीं परीक्षाएं निर्धारित समय से ही होंगी।

महाराष्ट्र में अभी से ही चक्का जाम

महाराष्ट्र: स्वाभिमानी शेतकारी संघटना ने 'भारत बंद रेल रोको' के विरोध प्रदर्शन किया और कुछ देर के लिए बुलढाणा के मलकापुर में आज एक ट्रेन को रोक दिया। बाद में प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने पटरियों से हटा दिया और हिरासत में ले लिया। बता दें कि आज किसानों ने भारत बंद बुलाया है।

केंद्र सरकार ने जारी की 'भारत बंद' के लिए की एडवाइजरी

केंद्र सरकार ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से कहा है कि मंगलवार को किसान संगठनों और उनके समर्थन में विपक्षी दलों द्वारा आहूत 'भारत बंद' के दौरान सुरक्षा कड़ी की जाए और साथ ही शांति सुनिश्चित की जाए। यह जानकारी अधिकारियों ने दी। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने जारी देशव्यापी परामर्श में कहा कि राज्य सरकारों तथा केंद्र शासित प्रदेश के प्रशासकों को सुनिश्चित करना चाहिए कि कोविड-19 दिशानिर्देशों का पालन किया जाए और सामाजिक दूरी बनाए रखी जाए। गृह मंत्रालय के एक अधिकारी ने सोमवार को कहा कि राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों को बताया गया है कि 'भारत बंद के दौरान शांति और धैर्य बनाए रखा जाए और एहतियाती कदम उठाए जाएं ताकि देश में कहीं भी अप्रिय घटना नहीं हो।

Next Story