राष्ट्रीय

Corona in India : इटली से भारत आई फ्लाइट में कोरोना विस्फोट? 191 में से 125 पैसेंजर संक्रमित

Arun Mishra
6 Jan 2022 9:52 AM GMT
Corona in India : इटली से भारत आई फ्लाइट में कोरोना विस्फोट? 191 में से 125 पैसेंजर संक्रमित
x
ऐसा पहली बार हुआ है जब किसी फ्लाइट में इतनी ज्यादा संख्या में कोरोना संक्रमित मिले हैं।

अमृतसर में गुरुवार को पहुंची एअर इंडिया की फ्लाइट में 125 पैसेंजर कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। फ्लाइट में कुल 191 पैसेंजर सवार थे। फ्लाइट इटली से पंजाब के अमृतसर इंटरनेशनल एयरपोर्ट आई थी। सभी संक्रमितों को अमृतसर में क्वारैंटाइन किया गया है। ऐसा पहली बार हुआ है जब किसी फ्लाइट में इतनी ज्यादा संख्या में कोरोना संक्रमित मिले हैं।

एयरपोर्ट के डॉयरेक्टर वी.के. सेठ ने बताया कि फ्लाइट से आए सभी पैसेंजर्स की कोविड जांच की गई, जिसमें संक्रमितों की पुष्टि हुई।

कोरोना अपडेट्स..

केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय कोरोना पॉजिटिव हो गए हैं। उन्होंने खुद ट्वीट कर इसकी जानकारी दी है। उन्होंने संपर्क में आए लोगों से टेस्ट कराने की सलाह दी है।

गुजरात में 10 से 12 जनवरी तक होने वाले वाइब्रेंट गुजरात समिट को टाल दिया गया है। इस समिट का उद्घाटन PM मोदी करने वाले थे। राज्य में एक मंत्री और 5 IAS अफसर भी कोरोना संक्रमित पाए गए हैं।

दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने कहा है कि राजधानी में गुरुवार को 14000 नए संक्रमितों के मिलने की आशंका है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में पहले से ही पाबंदियां लगाई गई हैं और अस्पतालों में पर्याप्त बेड्स मौजूद है। यहां अभी लॉकडाउन लगाने की कोई जरूरत नहीं है।

महाराष्ट्र सरकार ने राज्य में जीनोम सीक्वेंसिंग पर रोक लगा दी है। राज्य के स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, पिछले दिनों सीक्वेंसिंग के लिए भेजे गए करीब 55% सैंपल्स में ओमिक्रॉन की पुष्टि हुई है। इसे देखते हुए यह फैसला लिया गया है। राज्य में इस हफ्ते नए सीरो सर्वे का आदेश भी दिया जा सकता है।

पिछले 24 घंटे में मुंबई पुलिस के 71 पुलिसकर्मी कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। राज्य के पुलिस डिपार्टमेंट के मुताबिक, फिलहाल राज्य में कुल 265 पुलिसकर्मी कोरोना संक्रमित हैं।

छत्तीसगढ़ सरकार ने कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए 8 जनवरी को रायपुर में होने वाली स्वच्छता रैली और दूसरे सार्वजनिक कार्यक्रमों पर अगले आदेश तक रोक लगा दी है।

केंद्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री डॉ. भारती प्रवीण पवार की जांच रिपोर्ट कोविड पॉजिटिव आई है। डॉ. भारती ने ट्वीट कर इस बात की जानकारी दी है। उन्होंने खुद को होम क्वारैंटाइन कर लिया है।

केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण गुरुवार को चुनाव आयोग के अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। आयोग को देश में कोविड के हालात के बारे में जानकारी दी जाएगी। बैठक में नीति आयोग के सदस्य डॉ. वीके पॉल भी शामिल रहेंगे।

IIT गुवाहाटी में एक फैकल्टी मेंबर सहित 60 स्टूडेंट्स कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इतनी संख्या में संक्रमितों के मिलने के बाद कैंपस को कोविड कंटेमेंट जोन घोषित कर दिया गया है।

हरियाणा के 6 और जिलों को ग्रुप 'ए' में शामिल किया गया है। इस ग्रुप के तहत आने वाले जिलों में सिनेमा हॉल, स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, स्विमिंग पूल और मनोरंजन पार्क बंद होंगे। इनमें करनाल, पानीपत, कुरुक्षेत्र, यमुनानगर, रोहतक और झज्जर शामिल हैं।

पश्चिम बंगाल महिला मोर्चा की अध्यक्ष और विधायक अग्निमित्र पॉल कोरोना संक्रमित हो गई हैं। उन्होंने संपर्क में आए लोगों को क्वारैंटाइन में जाने को कहा है।

मुंबई के सायन अस्पताल में 30 और रेजिडेंट डॉक्टर कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। महाराष्ट्र एसोसिएशन ऑफ रेजिडेंट डाक्‍टर्स के मुताबिक, अब तक राज्‍य में कुल 260 डाक्‍टर कोरोना संक्रमित हो चुके हैं।

दिल्ली सरकार ने सभी विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों की छुटि्टयां रद्द कर दी हैं। आदेश के मुताबिक, अगले आदेश तक मेडिकल लीव को छोड़कर न तो कोई छुट्टी दी जाएगी और न ही किसी को स्टेशन छोड़ने की अनुमति होगी। यहां ओमिक्रॉन की वजह से संक्रमण तेजी से फैल रहा है। राजधानी में 24 घंटे में ही 10,665 नए कोरोना केस मिले हैं।

ओडिशा में 7 जनवरी से 1 फरवरी तक 12वीं क्लास तक के स्कूल और कॉलेज बंद रहेंगे। हालांकि, 10वीं और 12वीं की ऑनलाइन क्लास चलती रहेंगी। ओडिशा सरकार ने कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए नई गाइडलाइन जारी की है।

Next Story