
मोहब्बत का ऐसा जुनून : बॉयफ्रेंड से शादी करने के लिए बांग्लादेश से तैरकर भारत आई लड़की, जानें- पूरा मामला

कहते हैं प्यार में बहुत बड़ी ताकत होती है, इंसान पर मोहब्बत का ऐसा जुनून सवार होता है कि उसके लिए वह कुछ भी करने को तैयार हो जाता है। प्यार में लोग घर क्या सरहदें भी पार कर जाता है. प्यार ना तो जाति देखता है और ना ही धर्म। प्यार तो बस प्यार देखता है। ऐसा ही बाकया आज सामने आया है। जिसने सबको चौंका दिया है। क्योंकि, एक लड़की प्यार की खातिर तैरकर बांग्लादेश से भारत पहुंच गई। ये बात सुनकर भले ही आपको हैरानी हो रही होगी, लेकिन यह सच है।
जानकारी के मुताबिक, इस लड़की की पहचान 22 वर्षीय कृष्णा मंडल के रूप में की गई है। जिसे पुलिस ने अवैध रूप में देश में प्रवेश करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। बताया जाता है फेसबुक पर कृष्णा की मुलाकात अभिक मंडल से हुई थी। दोनों में बातचीत शुरू हो गई और दोस्ती हो गई। धीरे-धीरे दोस्ती प्यार में बदल गई। लेकिन, कृष्णा को अभिक की जुदाई बर्दाश्त नहीं हो पाई और उससे मिलने के लिए भारत पहुंच गई। भारत पहुंचने के लिए उसने जो किया उससे सब हैरान रह गए। कृष्णा सुंदरबन के जंगलों को पार करते हुए और नदी में तैरकर भारत पहुंची। क्योंकि, उसके पास वैध पासपोर्ट नहीं था।
प्यार के लिए लड़की ने उठाया बड़ा कदम
इसके बाद दोनों ने कोलकाता के कालीघाट मंदिर में शादी रचाई। हालांकि, पुलिस ने कृष्णा को गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि कृष्णा को अब बांग्लादेश उच्चायोग को सौंपा जाएगा। आलम ये है कि यह मामला चर्चा का विषय बन गया है और लोग सच्चाई जानकर काफी हैरान हैं। हालांकि, यह पहली बार नहीं जब किसी ने अवैध रूप से सीमा पार की हो। इससे पहले भी इस तरह के मामले सामने आ चुके हैं।




