राष्ट्रीय

जेल से 'आप' सांसद संजय सिंह ने देश के नाम लिखा पत्र, हमारी जंग जारी रहेगी, 'मैं हर लड़ाई लड़ने को तैयार हूं'

Arun Mishra
16 Nov 2023 3:44 AM GMT
जेल से आप सांसद संजय सिंह ने देश के नाम लिखा पत्र, हमारी जंग जारी रहेगी, मैं हर लड़ाई लड़ने को तैयार हूं
x
उन्होंने पत्र में लिखा है- ‘हमारी जंग जारी रहेगी, मैं हर लड़ाई लड़ने को तैयार हूं, आप भी अपनी आवाज बुलंद कीजिए, जय हिंद।’

नई दिल्ली : आम आदमी पार्टी (आप) नेता संजय सिंह ने जेल से देशवासियों को संबोधित पत्र लिखकर कहा है कि उनकी आवाज दबाने के लिए उन्हें गिरफ्तार किया गया है। उन्हें कथित शराब घोटाले से संबंधित मनी लॉन्ड्रिंग मामले में 5 अक्टूबर को गिरफ्तार किया गया था। उन्हें तिहाड़ जेल में रखा गया है.

उन्होंने पत्र में लिखा है- ‘हमारी जंग जारी रहेगी, मैं हर लड़ाई लड़ने को तैयार हूं, आप भी अपनी आवाज बुलंद कीजिए, जय हिंद।’ आप सांसद संजय सिंह ने अपने इस पत्र में देश के अनेक महापुरुषों के उदाहरण दिये हैं। उन्होंने देशवासियों से तानाशाही के खिलाफ आवाज बुलंद करने की अपील की है। उन्होंने लिखा है- तानाशाह सत्ता के खिलाफ हमारी जंग जारी रहेगी।

सांसद संजय सिंह ने अपने पत्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी हमला बोला है. उन्होंने तंज करते हुए लिखा है- आज जो सत्ता के खिलाफ आवाज उठाएगा, वह जेल जाएगा, जो अडानी के भ्रष्टाचार को उजागर करेगा, वह गिरफ्तार किया जाएगा. संजय सिंह ने लिखा कि मोदी जी देश के लिए नहीं दोस्तों के लिए काम कर रहे हैं। वो इंडिया के नहीं अडानी के प्रधानमंत्री हैं। इस चिट्ठी में संजय सिंह ने अपनी गिरफ्तारी का भी जिक्र किया है। उन्होंने लिखा- सबसे पहले 4 अक्टूबर को उनको ईडी की चिट्ठी मिलती है. उसके बाद 14 घंटे तक लगातार छापेमारी की जाती है. कोई सबूत नहीं मिलता. फिर भी मुझे जबरदस्ती गिरफ्तार कर लिया जाता है।

गिरफ्तारी के लिए झूठा केस बनाया: संजय सिंह

आप के सांसद संजय सिंह ने लिखे पत्र में अपनी गिरफ्तारी को लेकर झूठा केस बनाने का आरोप लगाया है। उन्होंने लिखा है कि ईडी ने उनको फंसाने के लिए गलत तरीके से उनका नाम चार्जशीट में डाला। उन्होंने लिखा कि जब मैंने उसके खिलाफ लीगल नोटिस भेजा तो ईडी ने माफी मांग ली। लेकिन उसके बाद दोबारा मुझे फंसाने की साजिश रची गई। संजय सिंह ने लिखा है कि संजय अरोड़ा नाम का जो शख्स FIR में आरोपी है. उसे सरकारी गवाह बनाकर मेरे खिलाफ झूठा केस बनाया गया।


Next Story