राष्ट्रीय

'रामायण' में रावण का किरदार निभाने वाले अरविंद त्रिवेदी का निधन, 'राम-लक्ष्मण', 'सीता' दीपिका चिखलिया ने भी जताया दुख

Arun Mishra
6 Oct 2021 3:37 AM GMT
रामायण में रावण का किरदार निभाने वाले अरविंद त्रिवेदी का निधन, राम-लक्ष्मण, सीता दीपिका चिखलिया ने भी जताया दुख
x
अरविंद त्रिवेदी ने रामानंद सागर द्वारा बनाई गई रामायण में रावण का दमदार रोल निभाया था।

दूरदर्शन पर प्रसारित हुए रामानंद सागर के बेहद लोकप्रिय पौराणिक धारावाहिक 'रामायण' में रावण का किरदार निभाने वाले अभिनेता अरविंद त्रिवेदी का मंगलवार की रात को मुंबई के कान्दिवली स्थित घर पर निधन हो गया। अभिनेता की मौत की खबर की उनके एक करीबी रिश्तेदार ने पुष्टि की है। वह 83 साल के थे और लंबे समय से उम्र संबंधी बीमारियों से जूझ रहे थे।

अरविंद त्रिवेदी के भतीजे कौस्तुभ त्रिवेदी ने उनके निधन के खबर की पुष्टि करते हुए कहा कि 'मंगलवार (5 अक्तूबर) रात करीब 10 बजे उनका निधन हो गया है। उन्होंने बताया कि 'चाचाजी पिछले कुछ सालों से लगातार बीमार चल रहे थे। पिछले तीन साल से उनकी तबीयत कुछ ज्यादा ही खराब रहने लगी थी। ऐसे में उन्हें दो-तीन बार अस्पताल में भी दाखिल कराना पड़ा था। एक महीने पहले ही वो अस्पताल से एक बार फिर घर लौटे थे। मंगलवार की रात उन्हें दिल का दौरा पड़ा और उन्होंने कांदिवली स्थित अपने घर में ही दम तोड़ दिया।'

अरविंद त्रिवेदी के निधन से फैन्स से के साथ-साथ 'रामायण' में उनके साथ काम कर चुके अरुण गोविल (Arun Govil), सुनील लहरी (Sunil Lahri) और दीपिका चिखलिया (Dipika Chikhlia) को भी गहरा सदमा लगा है।

'रामायण' में अरुण गोविल ने राम तो सुनील लहरी ने लक्ष्मण का रोल प्ले किया था। वहीं दीपिका चिखलिया मां सीता के किरदार में नजर आई थीं। तीनों ने अरविंद त्रिवेदी को याद करते हुए सोशल मीडिया पर श्रद्धांजलि दी।

अरुण गोविल ने अपने 'अतिप्रिय मित्र' को यूं दी श्रद्धांजलि

अरुण गोविल ने ट्वीट किया, 'आध्यात्मिक रूप से रामावतार का कारण और सांसारिक रूप से एक बहुत ही नेक, धार्मिक, सरल स्वभावी इंसान और मेरे अतिप्रिय मित्र अरविंद त्रिवेदी जी को आज मानव समाज ने खो दिया। नि:संदेह वो सीधे परमधाम जाएंगे और भगवान श्रीराम का सानिध्य पाएंगे।'

सुनील लहरी- पिता समान, अपने मार्गदर्शक को खो दिया

सुनील लहरी ने अपने ट्विटर हैंडल पर अरविंद त्रिवेदी की दो तस्वीरें शेयर कीं। इनमें से एक 'रामायण' में रावण के किरदार में थी तो वहीं दूसरी अरविंद त्रिवेदी की असल जिंदगी से, जिसमें वह राम-नाम में लीन नजर आ रहे हैं। तस्वीरों के साथ सुनील लहरी ने लिखा, 'बहुत दुखद समाचार है कि हमारे सबके प्यारे अरविंद भाई (रामायण के रावण) अब हमारे बीच नहीं रहे। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे। मेरे पास शब्द नहीं हैं। मैंने पिता समान व्यक्ति, अपने मार्गदर्शक, शुभचिंतक और एक जेंटलमैन को खो दिया।'

अरविंद त्रिवेदी ने रामानंद सागर द्वारा बनाई गई रामायण में रावण का दमदार रोल निभाया था। उन्होंने इस तरह से रोल प्ले किया था कि आज तक लोगों की आंखों के सामने उनकी वही छवि बनी हुई है।

बता दें कि अरविंद त्रिवेदी का जन्म आठ नवंबर 1938 में मध्यप्रदेश के उज्जैन में हुआ था। उनका शुरुआती करियर गुजराती रंगमंच से शुरू हुआ। उनके भाई उपेंद्र त्रिवेदी गुजराती सिनेमा के चर्चित नाम रहे हैं और गुजराती फिल्मों में अभिनय कर चुके हैं। हिंदी के पॉपुलर शो रामायण से घर-घर पहचान बनाने वाले लंकेश यानी अरविंद त्रिवेदी ने लगभग 300 हिंदी और गुजराती फिल्मों में अभिनय किया था।

गुजराती भाषा की धार्मिक और सामाजिक फिल्मों से उन्हें गुजराती दर्शकों में पहचान मिली थी जहां उन्होंने 40 वर्षों तक योगदान दिया। त्रिवेदी ने गुजरात सरकार द्वारा प्रदान की गई गुजराती फिल्मों में सर्वश्रेष्ठ अभिनय के लिए सात पुरस्कार जीते थे। 2002 में उन्हें केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (सीबीएफसी) के कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में नामित किया गया था। अरविंद त्रिवेदी ने 20 जुलाई 2002 से 16 अक्टूबर 2003 तक केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (सीबीएफसी) प्रमुख के रूप में काम किया था।

अभिनय के अलावा अरविंद साल 1991 से लेकर 1996 तक सांसद रहे

1991 में, अरविंद त्रिवेदी भारतीय जनता पार्टी के सदस्य के रूप में साबरकान्ठा निर्वाचन क्षेत्र से सांसद चुने गए और 1996 तक इस पद पर रहे।


Next Story