राष्ट्रीय

5 पुलिसकर्मियों समेत 6 लोगों की मौत के बाद असम में 3 दिन का राजकीय शोक; हिमंत बोले- मिजोरम के CM ने माफी मांगी

Arun Mishra
27 July 2021 3:04 PM IST
5 पुलिसकर्मियों समेत 6 लोगों की मौत के बाद असम में 3 दिन का राजकीय शोक; हिमंत बोले- मिजोरम के CM ने माफी मांगी
x
असम सरकार ने जान गंवाने वाले 5 पुलिसकर्मियों और एक नागरिक के सम्मान में 3 दिन के राजकीय शोक की घोषणा की।

असम और मिजोरम के बीच सीमा विवाद का मुद्दा सोमवार को हिंसक हो गया। दोनों राज्यों की पुलिस और नागरिकों के बीच झड़प हुई। दोनों तरफ से पहले लाठियां चलीं, मामला बढ़ा तो पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े। इस बीच फायरिंग भी हुई। इसमें 6 लोगों की मौत हो गई। हिंसा के बाद तनाव के बीच असम और मिजोरम के बीच विवादित बॉर्डर पर CRPF की तैनाती करनी पड़ी।

इस बीच असम सरकार ने जान गंवाने वाले 5 पुलिसकर्मियों और एक नागरिक के सम्मान में 3 दिन के राजकीय शोक की घोषणा की। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने मीडिया से बात की। उन्होंने कहा कि जब गोलीबारी हो रही थी, मैंने मिजोरम के मुख्यमंत्री को 6 बार फोन किया। उन्होंने माफी मांगी और मुझे आइजोल में बातचीत के लिए बुलाया। हमारी जमीन का एक इंच भी कोई नहीं ले सकता।

हिमंत की ब्रीफिंग की अहम बातें

जब मैंने कार्यभार संभाला, तो मैंने सीमा विवाद के जल्द समाधान के लिए मिजोरम के मुख्यमंत्री को चिट्‌ठी लिखी। हमारे बीच बातचीत चल ही रही थी कि मिजोरम पुलिस ने फायरिंग कर दी, जिसकी वजह से लोग हताहत हुए।

अगर कल संसद कानून बना दे कि बराक वैली को मिजोरम को दिया जाए, तो मुझे इसमें कोई आपत्ति नहीं है। जब तक संसद यह फैसला नहीं लेती, मैं किसी को भी असम की जमीन नहीं लेने दूंगा।

50 से ज्यादा पुलिसकर्मी घायल

इससे पहले सोमवार को सरमा ने दावा किया कि फायरिंग में असम पुलिस के 5 जवानों की मौत हो गई है। कछार जिले के SP वैभव निंबालकर चंद्रकार भी घायल हुए हैं। उनके पैर में गोली लगी है और वे ICU में हैं। इसके साथ ही 50 से ज्यादा पुलिसकर्मियों को भी चोटें आई हैं। हिमंत मंगलवार को उनसे मिलने हॉस्पिटल भी पहुंचे।

गृह मंत्री ने तीन दिन पहले दौरा भी किया था

अतिक्रमण हटाने को लेकर दोनों राज्यों की पुलिस और नागरिकों के बीच ये विवाद शुरू हुआ। इसके बाद हालात बिगड़ते चले गए और दोनों तरफ से लाठी, पत्थर से हमला शुरू हो गया। गृह मंत्री अमित शाह ने हाल ही में असम का दौरा किया था। उनके दौरे के दो दिन बाद यह हिंसा हुई है।

कांग्रेस ने 7 मेंबर्स की जांच कमेटी बनाई

वहीं, कांग्रेस ने सीमा विवाद पर हुई हिंसक झड़प के मामले में 7 मेंबर्स की कमेटी बना दी है। कमेटी मामले की रिपोर्ट पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी को सौंपेगी। कमेटी में सांसद गौरव गोगोई को भी शामिल किया गया है।

Next Story