राष्ट्रीय

जेल में महिला डाक्टर से रेप की कोशिश पुलिस जांच पडताल में जुटी ....

Desk Editor
28 Sep 2022 5:51 AM GMT
जेल में महिला डाक्टर से रेप की कोशिश  पुलिस जांच पडताल में जुटी ....
x

नई दिल्ली: दिल्ली की एक जेल में महिला डॉक्टर के साथ रेप की कोशिश की गई है। दुष्कर्म की कोशिश का आरोप जेल के ही एक कैदी पर लगा है। बताया जा रहा है कि आरोपी कैदी रेप के ही एक मामले में जेल में बंद है। अब इस मामले में पुलिस ने अपनी पड़ताल शुरू कर दी है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह मामला 26 सितंबर का है। आरोपी कैदी का नाम सुब्रत पिल्लै बताया जा रहा है।

यह भी जानकारी सामने आई है कि कैदी ने रेप की कोशिश के अलावा महिला चिकित्सक को जान से मारने की कोशिश भी की है। कैदी सुब्रत पिल्लै के खिलाफ थाने में दुष्कर्म का केस चल रहा है और वो जेल में बंद है। बताया जा रहा है कि सोमवार को यह घटना उस वक्त हुई जब महिला डॉक्टर सभी कैदियों की नियमित जांच कर रही थीं। चिकित्सक ने मंगलवार को इस घटना की जानकारी दी थी।

मीडिया रिपोर्ट्स में एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के हवाले से कहा जा रहा है कि आरोपी जेल के स्नानगृह में छिपा था और मौका पाकर उसने महिला चिकित्सक के साथ ऐसी गंदी हरकत की है। घटना के वक्त किसी तरह महिला चिकित्सक ने अलार्म के जरिए सुरक्षाकर्मियों को सतर्क किया।

वो किसी तरह आरोपी को धक्का देकर वहां से भागने में कामयाब हो सकीं। इस घटना के बाद कैदी को तुरंत पकड़ लिया गया। बहरहाल अब पुलिस इस मामले में महिला चिकित्सक की शिकायत के आधार पर आगे की जांच में जुटी हुई है।

Next Story