राष्ट्रीय

किसान महापंचायत में बोलीं प्रियंका, 'राक्षस रूपी हैं तीनों कृषि कानून, किसानों को मारना चाहते हैं'

Arun Mishra
10 Feb 2021 2:29 PM GMT
किसान महापंचायत में बोलीं प्रियंका, राक्षस रूपी हैं तीनों कृषि कानून, किसानों को मारना चाहते हैं
x
प्रियंका गांधी ने कहा कि कांग्रेस की सरकार आने पर इस काले कानून को खत्म किया जाएगा.

सहारनपुर : दिल्ली की सीमाओं पर जारी किसानों के आंदोलन के बीच कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी बुधवार को उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में किसानों की महापंचायत में शामिल हुईं। प्रियंका गांधी ने भारी भीड़ को संबोधित करते हुए किसानों से कहा कि आप एक कदम पीछे मत हटिये, हम आपके साथ हैं। जब तक कानून खत्म नहीं होगा, हम आपके लिए लड़ेंगे। प्रियंका ने कहा कि तीनों कृषि क़ानून राक्षस रूपी क़ानून हैं, जो किसानों को मारना चाहते हैं। यह क़ानून भाजपा के नेतृत्व के पूंजीपति मित्रों के लिए जमाखोरी के दरवाजे खोलेगा।

प्रियंका गांधी ने कहा कि कांग्रेस की सरकार आने पर इस काले कानून को खत्म किया जाएगा। कांग्रेस किसानों को एमएसपी देगी और ऐसा कानून बनाया जाएगा, जिससे आपकी मदद हो। प्रियंका गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी पर सीधा हमला करते हुए कहा कि उनकी बातों पर भरोसा नहीं रह गया है। चुनाव के समय मोदी ने कहा था कि गन्ना किसानों की समस्याएं हल करेंगे। किसानों का 15 हजार करोड़ बकाया ब्याज सहित देंगे। लेकिन नहीं दिया गया। कई साल निकल गए किसान बकाया के लिए तरसता रहा।

प्रियंका ने कहा कि मोदी ने अपने लिए दो हवाई जहाज 16 हजार करोड़ में खरीद लिये लेकिन आपका बकाया नहीं दिया। 20 हजार करोड़ से दिल्ली में सुंदरीकरण किया जा रहा है। इनकी जबान में कितना फर्क है, आपने देख लिया है। अपने घूमने के लिए विमान खरीद लिया लेकिन किसानों का बकाया नहीं दिया गया।

प्रियंका ने कहा कि आपने इनका 56 इंच का सीना देख लिया, जिसके अंदर छोटा सा दिल है। किसान का दिल देश की धरती के लिए धड़कता है, उसकी जान अपनी धरती से जुड़ी हुई है। लेकिन इनका दिल अपने अरबपति मित्रों के लिए धड़कता है। प्रियंका ने कहा कि प्रेम शांति के जरिये इस देश को आत्म निर्भर बनाने वाला किसान ही है। किसान का बेटा देश की सुरक्षा करता है। किसान का ही बेटा जवान बनकर प्रधानमंत्री की सुरक्षा करता है। प्रधानमंत्री किसान का दिल नहीं पहचान रहे हैं।

प्रधानमंत्री ने किसानों का अपमान किया

प्रियंका गांधी ने कहा कि इनके सभी मंत्री कहते हैं कि किसान धरने पर नहीं बैठा है। दिल्ली की सीमा पर बैठे आतंकवादी और देशद्रोह हैं। प्रधानमंत्री ने खुद किसानों का अपमान किया है। किसानों को आंदोलनजीवी कहा गया है। आंदोलनजीवी का क्या मतलब है? अपनी जमीन के लिए आंदोलन कर रहे किसान का मजाक उड़ाया जा रहा है। प्रियंका गांधी ने कहा कि जो किसान का दिल नहीं पहचान सकता वो देश भक्त नहीं हो सकता।

प्रियंका गांधी ने कहा कि दिल्ली के बार्डर पर 78 दिन से किसान बैठे हैं। मोदी जी अमेरिका, चीन, पाकिस्तान घूमते हैं। लेकिन जहां रहते हैं उसी दिल्ली की सीमा पर बैठे किसान से नहीं मिल सके हैं। वोट देकर राजगद्दी देने वाला किसान इंतजार कर रहा है कि प्रधानमंत्री हमारे पास आएंगे लेकिन वह नहीं आए।

प्रियंका गांधी ने एलआईसी, बीपीसीएल समेत तमाम कंपनियों का नाम गिनाते हुए कहा कि इस समय देश को बेचा जा रहा है। जो आदमी देश को बेच रहा है, उससे आप क्या उम्मीद कर रहे हैं। आप लोग जाग जाइये। जिससे आप उम्मीद कर रहे हैं, वो आपके लिए कुछ नहीं करेंगे। आपने उनका राजतिलक किया, लेकिन उन्होंने क्या किया? उनकी सच्चाई को समझ लीजिये। जो भी वादे किये गए सब खोखले थे।

कहा कि इन्होंने केवल अपने अरबपति मित्रों के लिए काम किया है। कोरोना के समय इनके करोड़पति मित्र कहीं नहीं दिखाई दे रहे थे। जब लाखों लोग सड़क पर दर दर भटक रहे थे, तब करोड़पति मित्र कहां थे। जिन लोगों के लिए यह लोग काम करते हैं, वो आपकी परवाह नहीं करते। अब समय आ गया है। आप लोग जागिये और आंदोलन से पीछे मत हटिये। यह लोग आपको धर्म और जाति के नाम पर तोड़ रहे हैं। इनकी बातों में मत आइये। कोई किसी भी धर्म का हो, किसी भी जाति का हो, हम लोग उसकी आवाज बनेंगे।

Next Story