राष्ट्रीय

कांग्रेस को झटका! एके एंटनी के बेटे ने कांग्रेस में सभी पदों से दिया इस्तीफा, BBC डॉक्यूमेंट्री पर ट्वीट डिलीट करने का था दबाव...

Arun Mishra
25 Jan 2023 6:13 AM GMT
कांग्रेस को झटका! एके एंटनी के बेटे ने कांग्रेस में सभी पदों से दिया इस्तीफा, BBC डॉक्यूमेंट्री पर ट्वीट डिलीट करने का था दबाव...
x
'कांग्रेस ने मुझसे ट्वीट डिलीट करने को कहा था, लेकिन मैंने इनकार कर दिया। क्या चाटुकारिता ही योग्यता का मापदंड बन गया है।

BBC की प्रतिबंधित डॉक्यूमेंट्री को बैन किए जाने का समर्थन करने वाले कांग्रेस के नेता और एके एंटनी के बेटे अनिल एंटनी ने बुधवार सुबह पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने कहा, 'कांग्रेस ने मुझसे ट्वीट डिलीट करने को कहा था, लेकिन मैंने इनकार कर दिया। ऐसा वे लोग कर रहे थे जो फ्रीडम ऑफ स्पीच के लिए खड़े होने की बात करते हैं। क्या चाटुकारिता ही योग्यता का मापदंड बन गया है।'

उन्होंने मंगलवार दोपहर 1 बजे ट्वीट कर कहा था कि भारतीय संस्थानों पर BBC के विचारों को रखने का मतलब देश की संप्रभुता को कमजोर करना है। अनिल ने इस्तीफे का पत्र भी ट्वीट किया है।

अपने इस्तीफे में अनिल एंटनी ने शशि थरूर का समर्थन के लिए धन्यवाद किया है और साथ ही कांग्रेस पार्टी को भी घेरा है। उन्होंने फेसबुक पर अपशब्द कहे जाने का भी जिक्र अपने ट्वीट में किया है। गौरतलब है कि अनिल के एंटनी ने कांग्रेस पार्टी में सभी पदों से इस्तीफे का ऐलान करने से एक दिन पहले एक बीबीसी की डॉक्यूमेंट्री को लेकर एक ट्वीट किया था जिसके बाद वे अपनी ही पार्टी में घिर गए थे।

17 जनवरी को पहला एपिसोड टेलिकास्ट हुआ, अगले दिन सरकार ने हटाया

BBC ने 17 जनवरी को 'द मोदी क्वेश्चन' डॉक्यूमेंट्री का पहला एपिसोड यूट्यूब पर रिलीज किया था। दूसरा एपिसोड 24 जनवरी को रिलीज होना था। इससे पहले ही केंद्र सरकार ने पहले एपिसोड को यूट्यूब से हटा दिया। पहले एपिसोड के डिस्क्रिप्शन में लिखा था कि ये डॉक्यूमेंट्री भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुस्लिम अल्पसंख्यकों के बीच तनाव पर नजर डालती है। गुजरात में 2002 में हुए दंगों में नरेंद्र मोदी की भूमिका के दावों की जांच करती है। बता दें कि गुजरात दंगों की जांच के लिए सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर गठित सम‍िति ने नरेंद्र मोदी को क्‍लीन चिट दी थी।

सरकार ने दुष्प्रचार बताया, ब्रिटिश PM ने भी किया विरोध

भारत सरकार ने BBC की गुजरात दंगों पर बनी डॉक्यूमेंट्री को प्रधानमंत्री मोदी और देश के खिलाफ प्रोपेगैंडा बताया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने कहा था कि हम नहीं जानते कि डॉक्‍यूमेंट्री के पीछे क्या एजेंडा है, लेकिन यह निष्पक्ष नहीं है। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ दुष्‍प्रचार है।

Next Story