राष्ट्रीय

कोरोना वायरस: भारत में आज मिले 11 नए मरीज, संख्या बढ़कर पहुंची 73, लोकसभा में हर्षवर्धन ने दिया बयान

Sujeet Kumar Gupta
12 March 2020 9:38 AM GMT
कोरोना वायरस: भारत में आज मिले 11 नए मरीज, संख्या बढ़कर पहुंची 73, लोकसभा में हर्षवर्धन ने दिया बयान
x
लोकसभा में कोरोनावायरस पर डॉक्टर हर्षवर्धन ने बताया कि संदिग्ध मरीजों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।

कोरोना वायरस विश्व स्वास्थ्य संगठन ने महामारी घोषित कर दिया है। दुनिया भर में 126,000 से अधिक लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हैं और 4,624 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं भारत में COVID-19 पॉजिटिव मामलों की संख्या गुरुवार सुबह 73 तक पहुंच गई है। जिसमे आज 11 नये मामले सामने आये है। इसमें 17 विदेशी शामिल हैं। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के अनुसार केरल 17, हरियाणा 14, महाराष्ट्र 11, दिल्ली छह, यूपी 11, राजस्थान तीन, तेलंगाना एक, लद्दाख तीन, तमिलनाडु एक, जम्मू-कश्मीर एक, पंजाब एक और कर्नाटक में चार कोरोनावायरस संक्रमित मरीज पाए गए हैं।

कोरोनावायरस पर लोकसभा में हर्षवर्धन ने दिया बयान

लोकसभा में कोरोनावायरस पर डॉक्टर हर्षवर्धन ने बताया कि संदिग्ध मरीजों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। 30 एयरपोर्ट पर स्क्रिनिंग की जा रही है। बाहर से आने वाले यात्रियों की जांच की जा रही है। खासतौर से विदेश से आए लोगों पर नजर रखी जा रही है। लापरवाही न हो इसके लिए पूरे इंतजाम हैं। हर राज्य से रिपोर्ट ली जा रही है। देश में अब तक कोरोना के 73 मामले सामने आए हैं। हमारी हेल्पलाइन पर विदेशों से भी कॉल आ रही हैं।

लखनऊ में कोरोना वायरस का पहला मामला

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में कोरोना वायरस का पहला मामला सामने आया है। कनाडा से लखनऊ अपने रिश्तेदारों से मिलने आई एक महिला डॉक्टर में कोरोना वायरस के संक्रमण की पुष्टि हुई। कनाडा के टोरंटो शहर निवासी महिला डॉक्टर अपने पति के साथ 8 मार्च को लखनऊ के गोमती नगर में रिश्तेदारों से मिलने आई थी। बुधवार को महिला को बुखार महसूस हुआ और गले में खराश हुई। इसके साथ-साथ सर्दी-जुकाम भी शुरू हो गया। परिवारीजनों ने कोरोना की आशंका हुई। वह अपने पति के साथ केजीएमयू पहुंची। यहां डॉक्टर डी. हिमांशु की निगरानी में महिला डॉक्टर को भर्ती किया गया।

पूछताछ में महिला डॉक्टर ने बताया कि कि वह मुंबई होते हुए लखनऊ आई हैं इस दौरान वह कितने लोगों के संपर्क में आई हैं इसकी पूरी जानकारी उन्होंने टीम को दे दी है। अब टीम इस रिपोर्ट को उच्च अधिकारियों से साझा करेगी ताकि संक्रमण के फैलाव को रोका जा सके।

Next Story