
देश के "सर्वश्रेष्ठ किसान पुरुस्कार" से सम्मानित डॉ.राजाराम त्रिपाठी खरीदेंगे हेलीकॉप्टर

देश के सर्वाधिक लोकप्रिय किसान बस्तर जिले के रहने वाले डा. राजाराम त्रिपाठी हेलीकाप्टर खरीदने जा रहे हैं। उन्होंने सात करोड़ रुपये में हालैंड की कंपनी से चार सीटर हेलीकाप्टर खरीदने की बुकिंग कराई है। इसके लिए नीदरलैंड की कंपनी के साथ उनका अनुबंध हो चुका है, जिसके अनुसार कंपनी चार वर्ष में हेलीकाप्टर तैयार कर देगी और अगले सात वर्ष तक इसका रखरखाव भी करेगी।
काली मिर्च और जैविक खेती करते हैं राजाराम
कोंडागांव क्षेत्र के निवासी राजाराम त्रिपाठी सफेद मूसली, काली मिर्च और जैविक खेती के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने आस्ट्रेलियन टीक के साथ काली मिर्च की खेती के प्रयोग से प्राकृतिक ग्रीन हाउस तकनीक भी विकसित की है। इसमें एक से डेढ़ लाख रुपये की लागत में 40 वर्ष तक करोड़ों रुपये की आय प्रति एकड़ में की जा सकती है।
कई बार मिल चुका है राष्ट्रीय अवार्ड
कृषि मंत्रालय व भारतीय कृषि एवं खाद्य परिषद की ओर से वे तीन बार देश के सर्वश्रेष्ठ किसान व राष्ट्रीय बागवानी बोर्ड से एक बार सर्वश्रेष्ठ निर्यातक सम्मान से पुरस्कृत हो चुके हैं।
राजाराम कहते हैं कि देश में किसान की छवि को गरीब और बदहाल दिखाया जाता है। ऐसी छवि युवाओं को खेती, किसानी के लिए प्रेरित नहीं कर सकती। नई पीढ़ी के युवा आइटी कंपनी में नौकरी कर सकते हैं, पर वे खेती को उद्यम बनाने का प्रयास नहीं करते। इसी सोच को बदलने के लिए वे हेलीकाप्टर खरीद रहे हैं, जिससे युवा पीढ़ी के भीतर खेती-किसानी को लेकर सकारात्मक दृष्टिकोण लाया जा सके। इसके लिए उज्जैन स्थित उड्डयन अकादमी से वे हेलीकाप्टर उड़ाने का प्रशिक्षण लेने जा रहे हैं।
हेलीकॉप्टर का प्रयोग दवा व खाद के छिड़काव के लिए करेंगे
डॉ. राजाराम त्रिपाठी ने बताया कि यूरोप, इंग्लैंड व जर्मनी के प्रवास के दौरान उन्होंने खेती में हेलीकाप्टर का प्रयोग देखा था। उन देशों में दवा व खाद के छिड़काव के लिए हेलीकाप्टर का उपयोग खेती-किसानी में सहायक सिद्ध होता है। अपने एक हजार एकड़ की खेती के साथ, आसपास के खेती प्रधान वाले जिलों में वे इस हेलीकाप्टर का उपयोग करना चाहते हैं। इसके लिए वे कस्टमाइज हेलीकाप्टर बनवा रहे हैं, ताकि मशीन भी लगवाई जा सके।
Satyapal Singh Kaushik
न्यूज लेखन, कंटेंट लेखन, स्क्रिप्ट और आर्टिकल लेखन में लंबा अनुभव है। दैनिक जागरण, अवधनामा, तरुणमित्र जैसे देश के कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों में लेख प्रकाशित होते रहते हैं। वर्तमान में Special Coverage News में बतौर कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं।




