राष्ट्रीय

चक्‍का जाम को लेकर संयुक्त किसान मोर्चा ने जारी की गाइडलाइंस, जानिए क्या चलेगा, क्या रहेगा बंद

Arun Mishra
5 Feb 2021 12:00 PM GMT
चक्‍का जाम को लेकर संयुक्त किसान मोर्चा ने जारी की गाइडलाइंस, जानिए क्या चलेगा, क्या रहेगा बंद
x
तीन कृषि कानूनों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे किसान कल चक्का जाम करने जा रहे हैं।

नई दिल्ली : तीन कृषि कानूनों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे किसान कल चक्‍का जाम करने जा रहे हैं। किसान यूनियनों का कहना है कि यह 'चक्‍का जाम' देशव्‍यापी होगा। चक्का जाम का कॉल संयुक्त किसान मोर्चा ने दिया है। बता दें कि राकेश टिकैत ने कल कहा था कि दिल्ली के अलावा पूरे देश में चक्का जाम करेंगे। बलबीर सिंह राजेवाल के मुलाकात के बाद राकेश टिकैत ने कहा यूपी और उत्तराखंड में भी चक्का जाम नहीं होगा। इस संबंध में कुछ महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।

संयुक्त किसान मोर्चा का बयान

संयुक्त किसान मोर्चा के मुताबिक, देश भर में राष्ट्रीय और राज्य राजमार्गों को दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक जाम किया जाएगा। इस दौरान इमरजेंसी और आवश्यक सेवाओं जैसे एम्बुलेंस, स्कूल बस आदि को नहीं रोका जाएगा।

किसान मोर्चा ने कहा है कि चक्का जाम पूरी तरह से शांतिपूर्ण और अहिंसक रहेगा। बयान में कहा गया है कि दिल्ली NCR में कोई चक्का जाम प्रोग्राम नहीं होगा क्योंकि सभी विरोध स्थल पहले से ही चक्का जाम मोड में हैं. दिल्ली में प्रवेश करने के लिए सभी सड़कें खुली रहेंगी। जहां पहले से ही किसानों के आंदोलन चल रहे हैं वो रास्ते बंद रहेंगे।

किसान मोर्चा ने कहा कि सभी से अपील है कि चक्का जाम में भाग लें। 3 बजे 1 मिनट तक हॉर्न बजाकर, किसानों की एकता का संकेत दें।

गौरतलब है कि केंद्र सरकार और किसान संगठनों के बीच 12 दौर की बातचीत बेनतीजा रही है। सरकार ने डेढ़ साल के लिए कानूनों को टालने का प्रस्‍ताव दिया था मगर किसान नेता कानूनों को पूरी तरह से वापस लिए जाने की मांग कर रहे हैं। शुक्रवार को राज्‍यसभा में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने इसपर बयान दिया। उन्‍होंने कहा कि सरकार नये कृषि कानूनों में किसी भी संशोधन को तैयार है। इसके ये मायने नहीं है कि कानून में किसी भी प्रकार की गलती है।

Next Story