राष्ट्रीय

हथिनी कुंड बैराज से ढाई लाख क्यूसेक पानी छोड़ा, फिर बढ़ेगा यमुना का जलस्तर, दिल्ली में अलर्ट

Arun Mishra
22 July 2023 2:05 PM GMT
हथिनी कुंड बैराज से ढाई लाख क्यूसेक पानी छोड़ा, फिर बढ़ेगा यमुना का जलस्तर, दिल्ली में अलर्ट
x

मौसम विभाग के अलर्ट और पहाड़ी इलाकों में हो रही बारिश को देखते हुए हथिनी कुंड बैराज में भारी मात्रा में पानी पहुंचा है. यहां से पानी छोड़े जाने से यमुना नदी में एक बार फिर उफान दिख रहा है. रविवार शाम तक यमुना का जलस्तर 206.70 मीटर पहुंचने का पूर्वानुमान. इसकी संभावना को देखते हुए शासन ने निचले इलाकों में मुनादी करना शुरू कर दिया है. प्रशासन ने लोगों को तटवर्ती इलाकों से दूर रहने की चेतावनी दी है.

मिली जानकारी के अनुसार, हथिनी कुंड बैराज से शनिवार सुबह 9 बजे 1 लाख 47 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया था। ठीक एक घंटे बाद यानी 10 बजे 2 लाख क्यूसेक और 11 बजे 2 लाख 23 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। अगर इसी तरह पूरे दिन हथिनी कुंड से पानी छोड़ा जाता रहा तो यमुना का जलस्तर एक बार फिर बढ़ सकता है। यह खतरे के निशान 205.33 मीटर को पार कर जाएगा। केंद्रीय जल आयोग (CWC) के आंकड़ों के अनुसार, शनिवार सुबह नौ बजे जलस्तर गिरकर 205.29 मीटर पर आ गया जो शुक्रवार शाम छह बजे 205.34 मीटर पर था।

मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में अगले 3-4 दिन बारिश का अलर्ट है। उत्तराखंड-हिमाचल के अलावा पंजाब-हरियाणा और चंडीगढ़ में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। जलस्तर बढ़ने से दिल्ली के बाढ़ प्रभावित निचले इलाकों में पुनर्वास प्रयासों में और देरी हो सकती है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने 25 जुलाई तक हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भारी से अत्याधिक भारी बारिश की आशंका जताई है।

Next Story